Thursday, March 28, 2024
featuredदेश

अमित शाह ने राजराजेश्वर मंदिर में की पूजा-अर्चना….

SI News Today

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कन्नूर जिले के तालीपरम्बा में प्रसिद्ध राजराजेश्वर मंदिर में आज पूजा-अर्चना की। शाह जिले के पय्यान्नूर में भाजपा की जनरक्षा यात्रा का शुभारंभ करने के लिए यहां आए हैं। पार्टी के प्रदेश मीडिया विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ भाजपा नेता आज सुबह मंगलूर हवाईअड्डे पहुंचे और बाकेल से सड़क मार्ग के जरिए मंदिर पहुंचे। उनके साथ प्रदेश भाजपा नेता भी मौजूद रहे।

मंदिर प्रशासन ने शाह का स्वागत किया। भाजपा अध्यक्ष ने मंदिर में 30 मिनट बिताए और उन्होंने भगवान को स्वर्ण कलश चढ़ाया। तालीपरम्बा में स्थित राजराजेश्वर मंदिर उत्तर मालाबार का प्रसिद्ध शिव मंदिर है। पूजा अर्चना करने के बाद शाह राज्य में 15 दिवसीय रैली का शुभारंभ करने के लिए पय्यान्नूर गए। भाजपा और संघ परिवार के कार्यकर्ताओं के खिलाफ वाम दल के कथित ‘लाल आतंकवाद’ के विरोध में यह रैली निकाली जा रही है। पय्यानूर से शुरू होकर जन रक्षा यात्रा (लोगों की सुरक्षा रैली) 17 अक्तूबर को तिरुअनंतपुरम में समाप्त होने से पहले राज्य से गुजरेगी।

कई केंद्रीय मंत्री ‘‘सभी को जीने का हक!! जिहादी-लाल आतंक के खिलाफ’’ थीम के तहत रैली में भाग लेंगे। वर्ष 2001 के बाद से राज्य में 120 भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की जा चुकी है, जिनमें से 84 केवल कन्नूर में ही मारे गए। इनमें से 14 की मुख्यमंत्री के गृहनगर में ही हत्या की गई। दूसरी ओर माकपा ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर हिंसा करने का आरोप लगाया और राजनीतिक हत्याओं में अपनी सरकार तथा नेतृत्व की संलिप्तता से इनकार किया है।

SI News Today

Leave a Reply