Tuesday, April 16, 2024
featuredदेश

श्रीलंकाई नौसेना ने मछुआरे को मारी गोली,मछुआरे की मौत

SI News Today

श्रीलंकाई नौसैनिकों द्वारा एक भारतीय मछुआरे को कथित तौर पर मारे जाने को लेकर इस द्वीप के थानगचिमदाम पर सैकड़ों मछुआरों ने आज विरोध प्रदर्शन किया. श्रीलंकाई नौसैनिकों ने कल 22 वर्षीय एक भारतीय मछुआरे को कथित तौर पर उस समय गोली मारी थी जब वह कच्चाथीवू से कुछ दूरी पर एक मशीनीकृत नौका से मछली पकड़ रहा था.

रामेश्वरम मछुआरा संघ के अध्यक्ष एस अमीरात ने बताया कि एक केन्द्रीय मंत्री के आने और ऐसी घटना दोबारा नहीं होने का आश्वासन मिलने तक प्रदर्शनकारी मछुआरों ने पीड़ित मछुआरे का शव लेने से इंकार कर दिया. उन्होंने बताया कि मछुआरों ने इस घटना में शामिल श्रीलंकाई नौसेना कर्मी की गिरफ्तारी की भी मांग की.

भारतीय मछुआरों की रिहाई और जब्त नौका वापस करने की भी मांग

मछुआरों ने आरोप लगाया कि पाक जलडमरूमध्य में मछली पकड़ने के मुद्दे पर श्रीलंका और भारतीय अधिकारियों के बीच कोई उचित तालमेल नहीं है. उन्होंने श्रीलंकाई नौसेना द्वारा गिरफ्तार किये गये सभी भारतीय मछुआरों को रिहा करने और जब्त की गयी नौका वापस करने की भी मांग की.

स्थिति पर नजर रखने के लिए द्वीप पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है. मत्स्य पालन विभाग के सहायक निदेशक कुलनचिनथान ने कहा था कि पीड़ित ब्रिडगो के गर्दन में गोली लगी थी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी थी. उन्होंने बताया था कि गोलीबारी में एक अन्य मछुआरा श्रवणन घायल हो गया था जबकि घटनास्थल पर मौजूद अन्य लोग बाल-बाल बच गये थे और समुद्र तट पर लौट आए थे

SI News Today

Leave a Reply