Friday, April 19, 2024
featured

कामकाजी लोगों के लिए कमाल के छह एक्सरसाइज

SI News Today

फिट रहने के लिए हर किसी को नियमित व्यायाम करना पड़ता है। लेकिन कई लोगों के पास जिम जाने या सुबह पार्क में जा कर दौड़ लगाने का समय नहीं होता। ऐसे लोगों में महिलाओं की संख्या ज्यादा हैं, जो घर और बाहर के काम करने की वजह से अपनी सेहत पर खास ध्यान नहीं दे पातीं। नियमित रूप से व्यायाम करने से न सिर्फ तन तरोताजा बना रहता है, बल्कि पूरे शरीर को आवश्यक ऊर्जा मिलती है और साथ ही शरीर में रक्त संचार भी तेज होता है। सीनियर फिजियोथेरापिस्ट डॉ. धर्म पांडे के अनुसार, ‘इन कुछ आसान व्यायामों को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं ताकि आप भी सेहतमंद जिंदगी जी सकें।’

1. सुपरवुमेन एक्सरसाइज

यह व्यायाम हमारे कूल्हे की सबसे बड़ी मांसपेशी ग्लूटस मैक्सिमस को मजबूत बनाकर, कूल्हों को सही आकार देती है। साथ ही यह रीढ़ की हड्डी के लिए भी अच्छी होती है। इसे करने के लिए पेट के बल लेट जाएं और दोनों हाथों को चेहरे से आगे की तरफ ले आएं। अब एक हाथ और एक पैर को ऊपर की तरफ उठाएं। दूसरे पैर और हाथ से वही क्रिया दोहरायें। 10 बार ऐसा करें।

2. पुश अप्स

पेट के बल लेट जाएं। हाथों को फर्श पर रखें। आपके दोनों हाथ कंधों के नीचे होने चाहिए। कमर सीधी रखें। अब अपनी कुहनियों को मोड़ें और सीने को फर्श के नजदीक लाएं। फिर वापस उसी स्थिति में लौट आएं। यह एक पुशअप माना जाएगा। इस तरह से 10 बार करें। शरीर के ऊपरी हिस्सों को खूबसूरत आकार में रखना चाहती हैं, तो उसके लिए यह बढ़िया एक्सरसाइज है। साथ ही इससे सीना, कंधा और बाजू मजबूत होते हैं।

3. पैरों की दुरुस्ती

सीधे खड़े हो जाएं। आपके कंधे, कमर और सीना ऊपर की तरफ उठे होने चाहिए। अब पैर के पंजों के बल आ जाएं और एड़ियों को जितना ऊपर उठा सकते हैं, उठाएं। इसके बाद वापस पुरानी स्थिति में लौट आएं। इस एक्सरसाइज को भी 10 बार कर लें। यह एक्सरसाइज काफ मसल्स (पिंडलियों) को मजबूत बनाकर उन्हें शेप में लाती है।

4. स्काई रिच

दोनों हाथों को सिर के ऊपर ले जाएं और फिर जितना जोर से हो सके, उतना खींचें। चाहें तो यह व्यायाम बॉल के साथ भी कर सकती हैं। उसमें भी तेजी से बॉल को नीचे फर्श पर फेंकने का प्रयास करें। ध्यान रहे कि हिप पैरों से अलग हो और घुटने थोड़े मुड़े हुए हों। इससे मांसपेशियां मजबूत होती हैं।

5. जिराफ एक्सरसाइज

सिर को आगे झुकाकर ठोड़ी को सीने से लगाएं। 4-5 सेकंड रुकें। फिर सिर को सामान्य पोजिशन में लाएं। फिर वैसे ही पीछे की ओर भी करें। गर्दन को बांईं ओर झुकाएं और कान को कंधे से लगाएं। 4-5 सेकंड रुकें। फिर दाहिनी ओर भी करें। फिर नॉर्मल पोजिशन में आ जाएं। ऐसा 5 बार करें। इससे आपका चेहरा शेप में रहेगा।

6. कूल्हे के लिए एक्सरसाइज

चटाई पर लेट जाएं। कूल्हे को अंदर की तरफ खींचें और धीरे-धीरे उन्हें फर्श से ऊपर उठा दें। इसके बाद धीरे से पहले वाली स्थिति में आ जाएं। इसे 10 से 15 बार कर सकती हैं।

खास टिप्स

  • घर पर किए जाने वाला व्यायाम आमतौर पर लोग गंभीरता से नहीं लेते, लेकिन व्यायाम को नियमित रूप से करना बेहद जरूरी है। इसलिए आज से ही इसे अपने रोजाना के काम में जोड़ना शुरू कर दें।
  • व्यायाम करते समय और कोई दूसरा काम करने की कोशिश ना करें।
  • व्यायाम के दौरान संगीत सुनना एक अच्छा विकल्प होगा और इससे आपको व्यायाम करने में और भी मजा आएगा। अपनी पसंद का कोई भी म्यूजिक चला लें। आपको पता भी नहीं चलेगा, कब आपका व्यायाम पूरा हो गया।
SI News Today

Leave a Reply