Wednesday, April 17, 2024
featuredदेशराज्य

लू की चपेट में नौ राज्य, महाराष्ट्र में 5 की मौत

SI News Today

मार्च अभी बीता भी नहीं कि सूरज की तपिश आंखें दिखाने लगी है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र समेत नौ राज्यों में पारा 40 के पार पहुंचने से महाराष्ट्र में ही पांच लोगों की मौत हो गई। सोमवार के बाद से ही नौ राज्य लू की चपेट में आ गए हैं।

भारतीय मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में लू की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड और गुजरात के ज्यादातर हिस्सों में लू चल रही है।

राजस्थान के पश्चिमी और पूर्वी इलाकों की स्थिति अभी से गंभीर होने लगी है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य के औरंगाबाद और सोलापुर जिलों में लू से लोगों की मरने की खबर है।

इसके अलावा राज्य के अकोला, वर्धा जिलों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। अकोला में सर्वाधिक 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया वहीं ओडिशा के तितलागढ़ का तापमान 43.8 डिग्री पहुंच गया।

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले का तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया जो राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं हरियाणा का नारनौल सबसे गर्म स्थान रहा जहां 41.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। राजस्थान के कई जिलों में दूसरे दिन भी लू के थपेड़े चलते रहे और तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया।

मौसम विभाग ने बताया कि शुष्क मौसम के कारण अगले 24 घंटे तक इन जिलों में राहत की कोई संभावना नहीं है। प्रदेश के चुरू में सर्वाधिक 42.4 डिग्री जबकि बीकानेर में 41.8 डिग्री, कोटा में 41.6 डिग्री, बाड़मेर में 41.5 डिग्री और जयपुर में 41.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में शुष्क एवं गर्म हवाओं का दौर जारी है। मध्य प्रदेश के सात जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया। गुजरात में भी कई स्थानों पर पिछले कई दिनों से तापमान 40-42 डिग्री के आसपास चल रहा है। अहमदाबाद में सर्वाधिक 42.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

SI News Today

Leave a Reply