Friday, March 29, 2024
featuredदिल्ली

अन्ना हजारे: मैं हमेशा बोलता हूं कि कोई मंत्री भ्रष्टाचार का दोषी पाया जाए, उसे फांसी दो

SI News Today

समाजसेवी अन्ना हजारे ने कहा है कि मैं तो हमेशा ही बोलता हूं कि कोई भी मंत्री भ्रष्टाचार का दोषी पाया जाए तो उसे फांसी दे देनी चाहिए। अन्ना हजारे का यह बयान ऐसे समय में आया है जब आम आदमी पार्टी के नेता कपिल मिश्रा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। अन्ना हजारे ने कपिल मिश्रा द्वारा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर लगाए गए आरोपों पर दुख जताया था। अन्ना हजारे ने कहा था अरविंद केजरीवाल के बारे में एेसी खबरें देखकर दुख हो रहा है। अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में अन्ना हजारे का साथ दिया था। अब अन्ना हजारे ने कहा है कि अगर अरविंद केजरीवाल के खिलाफ लगाए जा रहे आरोप सही हैं तो उन्होंने आंदोलन को चकनाचूर कर दिया है। जांच में तो सच सामने आ ही जाएगा। आप मंत्रिमंडल से बाहर होने के बाद कपिल मिश्रा ने केजरीवाल पर मंत्रिमंडल के एक अन्य सदस्य सत्येंद्र जैन से दो करोड़ रुपये लेने का आरोप लगाया है।

हजारे ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि उनका भरोसा तो तभी उठ गया था जब उनके मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगना शुरू हुए थे। 2011 में अन्ना हजारे की अगुवाई में दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ अांदोलन चलाया गया था। इस आंदोलन में केंद्र से जन लोकपाल विधेयक लाने की मांग की गई थी। हजारे ने कहा कि वह पिछले 40 साल से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं और केजरीवाल भी भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई में शामिल हुए थे। केजरीवाल दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए गए आंदोलन के चलते ही मुख्यमंत्री बने। आज, जब उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं, मैं बयान नहीं कर सकता कि मुझे कितना दुख हो रहा है। हजारे ने कहा कि कपिल मिश्रा द्वारा केजरीवाल पर लगाए गए आरोप की पूरी जानकारी लेने के बाद ही वह इस पर विस्तार से बात करेंगे।

कपिल मिश्रा द्वारा अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के बाद दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा था कि सभी आरोप बेबुनियाद हैं। वहीं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता कुमार विश्वास ने कहा था कि अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार कर सकते हैं, इसका विश्वास तो उनके शत्रु भी नहीं करेंगे। कपिल मिश्रा का सबूत पेश करने चाहिए।

SI News Today

Leave a Reply