Thursday, March 28, 2024
featuredउत्तर प्रदेशबिहार

इस बेरोजगार युवक की है 6-6 बीवियां, शादी को ही बना डाला कमाई का जरिया

SI News Today

बिहार के शेखपुरा थाना क्षेत्र में एक अनोखा ही मामला देखने को मिला है। इन दिनों एक युवक अपनी शादी को लेकर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। यह वैसे तो बेरोजगार है लेकिन यह अभीतक 6 शादियां कर चुका है। ऐसा लगता है कि इस व्यक्ति ने शादियां करना ही अपना पेशा बना लिया है। बताया जा रहा है कि इस व्यक्ति ने यह सभी शादियां धोखे से की हैं। इस युवक की पहचान रणवीर कुमार के रूप में हुई है। रणवीर जमालपुर मोहल्ले का रहने वाले है और इसकी मां वार्ड संख्या 1 से निकाय चुनाव लड़ रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रणवीर अपने दोस्त के साथ एक शादी में शरीक होने पांची गांव गया था। शादी समारोह में उसकी मुलाकात एक लड़की से हो गई। इसके बाद दोनों एक दसूरे के प्रेम में पड़े और उन्होंने मंदिर में जाकर शादी कर ली। रणवीर ने लड़की को यह कहकर अपने जाल में फंसाया था कि वह एक अमीर किसान का बेटा है।

इस दौरान रणवीर ने अपनी बीवी से कहा कि मां के चुनाव के लिए पैसे की कमी पड़ रही है, इसलिए अपने पिता से कहकर कुछ इंतजाम करवा दो। लड़की ने भरोसा करके उसे 70 हजार रुपए दे दिए, जिन्हे लेकर रणवीर अपने घर आ गया। दो हफ्ते के बाद लड़की के परिवार वालों को पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और उसने धोखे से उनकी बेटी के साथ शादी की। इसके बाद पूरा परिवार रणवीर के घर जमालपुर जा पहुंचा। वहां पहुंचकर उन्हें पता चला कि रणवीर ने उनके बेटी से पहले केवल एक नहीं पांच-पांच लड़कियों से शादी कर रखी थीं। यह जानकर लड़की का परिवार अचंभित हो गया। उन्हें पता चला कि रणवीर की पहली शादी 2 साल पहले बिहार शरीफ में हुए थी। इसके बाद रणवीर ने धनको, चेवाड़ा, गौरा, नवादा में अलग-अलग लड़कियों से शादी की।

यह सच्चाई जानने के बाद लड़की के परिवार वाले बिना किसी देरी के इस मामले की शिकायत कराने पुलिस थाने पहुंच गए। पुलिस ने इस मामले में आरोपी रणवीर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। लड़की के परिजनों का कहना है कि रणवीर ने उनकी बेटी से धोखे से शादी कर उसकी जिंदगी बर्बाद की है। ऐसे आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। वहीं रणवीर की मां का कहना है कि उनका बेटा बेगुनाह है, उसे झूठे आरोप में फंसाया जा रहा है। फिलहाल रणवीर फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

SI News Today

Leave a Reply