Thursday, March 28, 2024
featuredउत्तर प्रदेश

यूपी: दलित युवक की गोली मारकर हत्या

SI News Today

उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र में मनेथू गांव में दबंगों ने सोमवार सुबह एक दलित युवक की गोली मार कर हत्या कर दी। इस मामले में मृतक के परिजनों ने गांव के पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे जमीनी रंजिश है।

जानकारी के मुताबिक, गजनेर थाना क्षेत्र में मनेथू गांव निवासी दलित युवक मनोज कुमार संखवार (35) साइकिल से घर से निकले थे। रास्ते में लोहारी में दिवंगत कृष्णा सिंह इंटर कॉलेज के सामने बोलेरो सवार पांच हमलावरों ने उन्हें रोका। कुछ देर बातचीत के बाद मनोज पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना की जानकारी पर गजनेर थानाध्यक्ष सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज सोनकर भी पहुंचे।

पुलिस का कहना है कि मनेथू गांव में जमीन के स्वामित्व को लेकर उच्च जाति के दबंगों से मनोज का विवाद चल रहा था। रविवार शाम भी झगड़ा हुआ था। मनोज के पिता की ओर से गांव के पांच लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

वहीं दूसरा मामला देवरिया का है। यहां तरकुलवा क्षेत्र में एक दम्पति की गला काटकर हत्या कर दी गई है। दोनों के शव गांव के बाहर पाये गये। अपर पुलिस अधीक्षक सी.एन. सिन्हा ने बताया कि रविवार की रात बघड़ा महुआरी गांव में शरीफ उमर (40) तथा उसकी पत्नी जसमीना खातून (35) की गला रेतकर हत्या कर दी गयी। उन्होंने बताया कि दोनों शव गांव के बाहर पड़े पाये गये। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।

SI News Today

Leave a Reply