Friday, March 29, 2024
featuredदेश

गोवा: नदी में पुल ढह जाने से 2 लोगों की मौत

SI News Today

दक्षिण गोवा में गुरुवार शाम संवोर्देम नदी पर पुर्तगालियों के समय के बने एक पुल के नदी में ढह जाने के कारण कम से कम दो लोगों की मौत हो गयी और 30 लोग लापता हो गये। बचाव कार्य के लिए नेवी को बुलाया गया और मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर भी लगातार नजर बनाए हुए हैं। कुरचोरेम गांव में नदी पर बने इस पुल के ढहने की घटना के वक्त इस बेहद प्राचीन पुल पर 50 से अधिक लोग खड़े थे। पुलिस ने बताया कि नदी में कूदकर कथित रूप से खुदकुशी करने वाले एक युवक के बचाव अभियान को देखने के लिये ये सभी लोग पुल पर जमा थे।

पुलिस ने बताया, ‘‘बचाव दलों ने नदी से अब तक दो शव बरामद किये हैं और कम से कम 30 लोग अब तक लापता हैं। नदी में गिरे इनमें से कुछ लोग तैरकर तट पर आने में सफल रहे थे। नदी में कूदकर कथित रूप से खुदकुशी करने वाले युवक के बचाव अभियान को देखने के लिये करीब 50 से अधिक लोग वहां जमा हुए थे।’’ भारतीय नौसेना से बचाव अभियान में मदद का अनुरोध किया गया है और गोताखोरों को मौके पर रवाना किया गया। दमकल एवं आपात सेवाओं ने खोज अभियान शुरू कर दिया था।

बहरहाल, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने पुल ढहने के हादसे को लेकर गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर से बात की। सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘संवोर्देम नदी पर पुल ढहने के हादसे के संबंध में गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर से बात की। खोज एवं बचाव अभियानों को तेज किया गया है।’’ आगे की जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है। मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा कि अभी तक गायब लोगों की सही संख्या का पता नहीं लग सका है। लोक निर्माण विभाग के मंत्री सुधिन धवालीकर ने कहा कि इस पुल पर जाना प्रतिबंधित था, लेकिन पानी में कूदने वाले शख्स को देखने के लोग बैरिकेड हटाकर वहां इक्ट्ठा हो गए थे।

SI News Today

Leave a Reply