Friday, March 29, 2024
featuredदिल्ली

दक्षिण दिल्ली नगर निगम की मेयर बनीं कमलजीत

SI News Today

निगम चुनावों में रेकॉर्ड मतों के अंतर से जीतने वाली भाजपा की पार्षद कमलजीत सहरावत को शुक्रवार दक्षिण दिल्ली नगर निगम का निर्विरोध मेयर चुना गया। क्षेत्र के नगर निकाय की नई टीम ने भी कार्यभार संभाल लिया है। कैलाश संकला को भी निर्विरोध उपमेयर चुन लिया गया क्योंकि दोनों ही पदों के लिए किसी भी अन्य पार्टी ने नामांकन नहीं किया था।
बीते महीने की 23 तारीख को हुए दिल्ली नगर निगम चुनाव में कमलजीत द्वारका बी-वॉर्ड से विजय रही थीं जबकि संकला पंजाबी बाग से जीते थे। कमलजीत ने ‘आप’ की सुषमा बंसल को रेकॉर्ड 9,866 मतों से शिकस्त दी थी जो समूचे चुनाव में सबसे ज्यादा अंतर है।

कमलजीत को 14,613 वोट मिले थे जबकि सुषमा को महज 4,747 मत ही मिल सके थे। मेयर के पद का कार्यकाल एक वर्ष का होता है और प्रत्येक साल मेयर बदलता है। यह पद प्रथम वर्ष में महिलाओं के लिए आरक्षित है जबकि दूसरा कार्यकाल अनारक्षित होता है जबकि तीसरा वर्ष फिर से आरक्षित होता है लेकिन अंत के दो साल अनारक्षित होते हैं। दक्षिण दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के सदस्यों का भी चुनाव हो गया।

भाजपा की ओर से भूपेंद्र गुप्ता का चुनाव अध्यक्ष पद के लिए हुआ, जबकि शिखा रानी, नंदनी शर्मा और तुलसी जोशी का भी निर्वाचन हुआ है। पूर्वा ने अपना नामांकन वापस ले लिया। एंड्रयूज गंज से कांग्रेस के पार्षद अभिषेक दत्त और हस्तसाल वार्ड से ‘आप’ के पार्षद अशोक कुमार का भी निर्वाचन हुआ है। एसडीएमसी में 104 वार्ड हैं जिसमें से 70 भाजपा ने, 16 आप ने और 12 कांग्रेस ने जीते जबकि एक-एक वार्ड सपा और आइएनएलडी ने जीता है। इसके अलावा चार निर्दलीयों ने भी जीत दर्ज की है।

SI News Today

Leave a Reply