Friday, March 29, 2024
featuredदिल्ली

फाइनल मैच पर दिल्‍ली के रोहिणी में लग रहा था सट्टा, 9 सट्टेबाज अरेस्‍ट

SI News Today

इंडियन प्रीमियर लीग के दसवें संस्‍करण के फाइनल मैच पर जमकर सट्टेबाजी हुई। मुखबिरों की सूचना पर दिल्‍ली पुलिस की एक टीम ने जब रोहिणी इलाके में छापा मारा तो मौके पर 9 सटोरिए मुंबई इंडियंस और राइजिंग पुणे सुपरजाएंट के बीच हुए मैच पर सट्टा लगाते पकड़े गए। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से 10 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। बता दें कि रविवार (21 मई) को हैदराबाद में खेले गए रोमांचक मुकाबले में मुंबई ने पुणे को 1 रन से हराकर आईपीएल 10 का खिताब अपने नाम कर लिया।

रोहित शर्मा की कप्तानी में रविवार को राजीव गांधी स्टेडियम में दो बार के चैम्पियन मुम्बई ने राइजिंग पुणे सुपरजाएंट टीम को एक रन से हराते हुए 10वें सीजन का खिताब जीता। मुम्बई ने पहले खेलते हुए पुणे के सामने 130 रनों का लक्ष्य रखा। अजिंक्य रहाणे (44) और कप्तान स्मिथ (51) की उम्दा पारियों के बावजूद पुणे की टीम 20 ओवरों में 6 विकेट पर 128 रन ही बना सकी। मुम्बई की ओर से मिशेल जानसन ने तीन सफलता हासिल की जबकि जसप्रीत बुमराह को दो विकेट मिले। जानसन ने अंतिम ओवर में दो सफलता हासिल की। इसमें कप्तान स्मिथ का भी विकेट शामिल है, जो काफी हद तक पुणे को जीत दिलाने की स्थिति में दिखाई दे रहे थे।

पुणे की शुरुआत अच्छी नहीं थी। उसने अपने युवा स्टार राहुल त्रिपाठी (3) का विकेट 17 के ही कुल योग पर गंवा दिया था लेकिन इसके बाद रहाणे और स्मिथ ने दूसरे विकेट के लिए 54 रन जोड़ते हुए पुणे को जीत की ओर अग्रसर किया लेकिन 71 के कुल योग पर रहाणे के आउट होते ही मानो बदकिस्मती ने पुणे को घेर लिया। उसने 98 के कुल योग पर महेंद्र सिंह धौनी (10) का विकेट गंवाया। धौनी लय में नहीं दिखे। इसके बाद स्मिथ ने मनोज तिवारी (7) के साथ टीम को जीत तक ले जाने का प्रयास किया लेकिन तिवारी 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गए।

इसके बाद जानसन ने 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर स्मिथ को आउट किया। स्मिथ का कैच सीमा रेखा पर अंबाती रायडू ने लपका। यहां से मैच का पासा ही पलट गया। अंतिम तीन गेंदों पर पुणे को सात रन चाहिए थी। वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 0) और डेनियल क्रिस्टीयन (4) ने पूरी कोशिश की लेकिन वे एक रन से चूक गए। क्रिस्टीयन अंतिम गेंद पर रन आउट हुए। इस तरह मुम्बई ने यह मैच एक रन से अपने नाम किया। क्रूनाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

SI News Today

Leave a Reply