Friday, April 19, 2024
featuredस्पेशल स्टोरी

रमजान के महीने में इन खास बातों का रखें ख्याल

SI News Today

रमजान का महीना 28 मई से शुरु हो रहा है। इस दौरान इंसान को बहुत सारी बातों को ख्याल रखना होता है। इस्लाम धर्म में रमजान के महीने में हर मुस्लिम पर 30 दिन के रोजे फर्ज हैं। हालांकि, किन्हीं परिस्थितियों में इसकी छूट भी दी गई है। रमजान के महीने में खुदा की ज्यादा से ज्यादा इबादत करनी चाहिए। इस महीने में अच्छा काम करने पर उसका 70 गुना सवाब (पुण्य) मिलता है। रमजान के महीने में ज्यादा से ज्यादा दान करना चाहिए। इसके अलावा रमजान महीने में कुरान की तिलावत (पढ़ना) करना, सारी नमाज पढ़ना, दान करने को बहुत ही सवाब का काम माना जाता है।

इसके अलावा इस दौरान इंसान को बुरी आदतों से दूर रहने की सलाह दी जाती है। सिगरेट, तंबाकू आदि का सेवन करने से रोजा टूट जाता है। रमजान के महीने में कोई भी गलत काम नहीं करना चाहिए। रमजान के महीने में झूठ बोलना, चुगली करना, दूसरों को दुख पहुंचाना, झगड़ा करना और कोई अपराध करने से दूर रहना चाहिए। इसके साथ ही इस महीने पूरी तरह से पाक रहना होता है। हालांकि, इस्लाम के मुताबिक इंसान को हर वक्त पाक रहना जरूरी है।

रमजान के महीने में सोने से पहले अपने दिन में किए गए कामों के बारे में सोचने की सलाह दी जाती है। और इस आदत को राजमर्रा की जिंदगी में अपनाने की सलाह दी जाती है। अगर आपने कोई गलती की है तो अल्लाह से माफी मांगे और अपनी गलतियों को दोबारा ना दोहराएं। इसके साथ ही आप साल भर की अपनी जिंदगी के बारे में सोचें और कोई भी गलत काम किया है, उसके लिए माफी मांगे। गरीबों की ज्यादा से ज्यादा मदद करें। इसके अलावा रोजेदारों को इफ्तार और सहरी के लिए दावत दें। रोजेदारों को इफ्तार की दावत देने को भी सबाब करार दिया गया है।

इसके साथ ही रोजे के दौरान खाने का विशेष तौर पर ध्यान रखें। इफ्तार के बाद ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी जाती है। रोजा रखने से शरीर में पानी की कमी हो जाती है। रमजान के महीने में रोजा रखने वाले पुरुषों को 2.5 लीटर पानी पीने की सलाह दी जाती है वहीं औरतों को दो लीटर पानी पीने की सलाह जी जाती है। इफ्तार के समय एक साथ ज्यादा अधिक पानी नहीं पीना चाहिए। कुछ खाने के बाद ही धीरे-धीरे पानी पीना चाहिए।

SI News Today

Leave a Reply