Thursday, March 28, 2024
featuredदुनिया

आर्मी का दावा, पाक ने नहीं मारे 5 भारतीय जवान

SI News Today

भारतीय सेना ने रविवार को पाकिस्तान द्वारा नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर हुई गोलीबारी में पांच जवानों को मार गिराए जाने के दावों से इनकार किया। पाकिस्तान सेना ने शनिवार को ट्वीट कर कहा था कि उसने भारतीय सेना के पांच जवानों को मार गिराया है। पाकिस्तान सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने ट्वीट कर कहा, भारत ने एलओसी से सटे तत्तापानी में संघर्षविराम का उल्लंघन किया, जवाबी कार्रवाई में भारतीय बंकरों को नष्ट कर दिया गया, जिसमें सेना के पांच जवान मारे गए और कई घायल हो गए।”

उन्होंने एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें दावा किया गया कि भारतीय चौकी को ध्वस्त किया गया है। हालांकि, रक्षा सूत्रों ने इन दावों को नकारते हुए इन्हें झूठे और मनगढ़ंत बताया। पाकिस्तान ने 24 मई को एक वीडियो जारी किया था, जिसमें एक भारतीय चौकी को नष्ट करने का दावा किया गया था। हालांकि, बाद में पता चला कि इस वीडियो को एडिट किया गया है।

वहीं शनिवार को इंटर सर्विस पब्लिक रिलेशनंस (आईएसपीआर) ने एक प्रेस रिलीज में दावा किया था कि पाकिस्तानी सेना ने एलओसी पर बिना उकसावे के हुई फायरिंग में 5 भारतीय जवानों को मार गिराया है। इसी घटना के मद्देनजर आईएसपीआर ने रविवार सुबह एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उन्होंने भारतीय बंकरों को उड़ाने का दावा किया है। यह वीडियो सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से पोस्ट किया गया है। इस वीडियो में कुछ बंकर उड़ते हुए नजर आ रहे हैं। मेजर जनरल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘एलओसी पर टट्टा पानी में भारतीयों ने बिना उकसावे के कार्रवाई की जिसका हिंसात्मक ढंग से जवाब दिया गया। भरतीय बंकरों को नष्ट किया गया, पांच भारतीय सैनिक मारे गए और कई घायल हो गए।’’पाकिस्तानी सेना ने इसके अलावा सीमा पार गोलीबारी के संबंध में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।

वहीं भारतीय सेना ने शनिवार (3 जून) को कहा था कि पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के दो सेक्टरों में दो बार संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए अग्रिम चौकियों और रिहायशी क्षेत्रों में मोर्टार के गोले दागे जिसमें एक महिला घायल हो गई। भारतीय जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
रक्षा प्रवक्ता ने कहा था कि पाकिस्तानी सेना ने कृष्णा घाटी सेक्टर में एलओसी में शनिवार को 0920 बजे छोटे और अॉटोमैटिक हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी की और 82 एमएम तथा 120 एमएम के मोर्टार दागे। उन्होंने कहा था कि शुक्रवार रात 11 बजे भी पाक सेना ने पुंछ सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। उन्होंने कहा था कि भारतीय सेना मजबूती से और प्रभावी तरीके से गोलीबारी का जवाब दे रही है।

SI News Today

Leave a Reply