Friday, March 29, 2024
featuredदुनिया

सऊदी अरब, यूएई, बहरीन और मिस्र ने कतर से तोड़े सभी कूटनीतिक रिश्ते

SI News Today

सऊदी अरब, मिस्र, बहरीन और सयुंक्त अरब अमीरात (यूएई) ने सोमवार (5 जून, 2017) को कतर से सभी कूटनीतिक रिश्ते समाप्त करने की घोषणा की है। इन सभी देशों का आरोप है कि दोहा क्षेत्र में आंतकवाद को बढ़ावा दे रहा है। सऊदी न्यूज एजेंसी एसपीए ने कहा कि रियाद ने कतर के साथ कूटनीतिक संबंध तोड़ने के साथ ही सऊदी को आतंकवाद से बचाने के लिए पड़ोसी देश के साथ सीमा संबंध को भी खत्म कर दिया है। वहीं एक सऊदी अधिकारी ने मामले में ज्यादा जानकारी देते हुए बताया कि कतर से राजनयिक और काउंसलर संबंध को भी खत्म कर लिया गया है। भूमि, समुद्र और बंदरगाहों को कतर के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं मिस्र के विदेश मंत्रालय ने भी कतर पर आतंकवाद को बढ़ावा देने और समर्थन करने का आरोप लगाया है। इस देश ने भी कतर के साथ सभी कूटनीटिक संबंध तोड़ने की घोषणा की। साथ ही मिस्र के सभी एयरपोर्ट और बंदरगाह कतर के जहाजों और विमानों के लिए बंद करने की घोषणा की है।

दूसरी तरफ बहरीन की न्यूज एजेंसी ने कतर पर मुल्क की सुरक्षा और स्थिरता व उसके आंतरिक मामलों में दखल देने का आरोप लगाते हुए सारे संबंध तोड़ने की घोषणा की है। साथ ही कतर के सभी नागरिकों को 14 दिन के अंदर अपने देश वापस लौट जाने के लिए कहा है। वहीं 48 घंटे की भीतर कतर के राजनयिकों को वापस अपने देश लौटने के आदेश दिए हैं। सऊदी अगुवाई वाले अरब गठबंधन ने यमन में हुए युद्ध में कतर द्वारा कट्टपंथियों को सहायता देने का आरोप लगाया। दोहा लंबे समय से आतंकवाद समर्थन देने के आरोपों का सामना कर रहा है। सीरिया युद्ध में कतर पर चरमपंथियों की मदद करने का आरोप लगा था। कुछ समय पहले अमेरिका मीडिया में भी कतर पर आतंकियों की मदद करने का आरोप लगाया था। जानकारी के लिए बता दें कि अफगान तालिबान ने साल 2013 में कतर में अपना ऑफिस खोला था। जबकि साल 2022 में कतर फुटबॉल वर्ल्ड कप को होस्ट करने वाला है।

SI News Today

Leave a Reply