Friday, April 19, 2024
featuredमध्यप्रदेश

ह‍िंसा: पुलिस फायरिंग के खिलाफ देशभर में सड़कों पर उतरे कांग्रेसी

SI News Today

मध्य प्रदेश में कर्ज माफी को लेकर जहां किसानों का विरोध-प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है, वहीं इसकी आग अब देशभर में फैलने लगी है। कांग्रेस कार्यकर्ता मंदसौर हिंसा और वहां पुलिस फायरिंग में पांच किसानों की मौत के खिलाफ आज देश भर में सड़कों पर उतरे हैं। बिहार, बंगाल, ओडिशा, असम, पंजाब, हरियाणा और नई दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रेल रोको आंदोलन चलाया। इसकी वजह से कई रूटों पर ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा। पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी कल मंदसौर किसानों से मिलने जा रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें नीमच में ही हिरासत में ले लिया। हालांकि, रिहाई के बाद उन्होंने किसानों से मुलाकात की, ऐसा दावा किया गया है।

नई दिल्ली में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशन पर मंदसौर में किसानों पर हुई पुलिस फायरिंग के विरोध में रेल रोको आंदोलन चलाया । दिल्ली से सटे फरीदाबाद में भी युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कुछ किसानों संग उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया और बाटा रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी को रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन के इंजन पर चढ़कर केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इससे पहले गुरुवार को वहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों के बीच आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए बैठक हुई थी।

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं ने मंदसौर हिंसा के विरोध में गुरुवार को ही भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया था। युवा कांग्रेस ने घाटकोपर रेलवे स्टेशन पर रोल रोको आंदोलन चलाया।

इस बीच मध्य प्रदेश के शाजापुर में ताजा हिंसा की खबर है। वहां भी किसानों ने हंगामा और आगजनी की है। इसके अलावा राजधानी भोपाल के फंदा टोल नाके पर भी किसानों के हंगामा करने की खबर है। किसानों ने वहां जमकर पत्थरबाजी की है। इसके बाद पुलिस उन्हें खदेड़ने में कामयाब रही है। भोपाल के पास सिहोर में भी पुलिस ने किसानों पर हवाई फायरिंग की है। इस बीच मंदसौर हिंसा में घायल एक और किसान की मौत हो गई है। पुलिस पिटाई में वो गंभीर रुप से घायल हो गया था और उसका इलाज चल रहा था। एमपी के रायसेन में एक किसान श्रीकृष्ण मीणा ने भी जहर खाकर खुदकुशी कर ली है। वो 12 लाख रुपये के कर्ज से परेशान थे। इनकी दो छोटी बेटी और एक बेटा है।

SI News Today

Leave a Reply