Friday, April 19, 2024
featured

Trophy 2017: अब इतवार का मैच हारी तो भारत बाहर

SI News Today

चैंपियंस ट्रॉफी के गुरुवार (आठ जून) को हुए एक अहम मुकाबले में भारत श्रीलंका से सात विकेट से हार गया। भारत ने अपने पहले मैच में पाकिस्तान पर 124 रनों से जीत हासिल कर धमाकेदार शुरुआत की थी लेकिन इस हार के बाद अब उसके सेमी-फाइनल में पहुंचने पर भी संशय के बादल मंडराने लगे हैं। रविवार (11 जून) को भारत का दक्षिण अफ्रीका से मुकाबला है। सेमी-फाइनल में पहुंचने के लिए दक्षिण अफ्रीका को हराना ही होगा।

भारत चैंपियंस ट्रॉफी में ग्रुप बी में हैं। इस ग्रुप में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका हैं। ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड हैं। ग्रुप की सभी टीमों के अभी तक दो-दो अंक हैं। पाकिस्तान भारत से भले ही हारा हो दक्षिण अफ्रीका पर उसने जीत हासिल कर ली है। वहीं दक्षिण अफ्रीका श्रीलंका पर जीत हासिल कर चुका है। अब भारत के श्रीलंका से हार जाने के बाद सभी टीमों के लिए बाकी मैच करो या मरो वाले हो चुके हैं।

श्रीलंका ने भारत के छह विकेट पर 321 रनों का पीछा करते हुए तीन विकेट खोकर 322 रन बना लिए। चैंपियंस ट्रॉफी में ये किसी भी टीम द्वारा हासिल किया गया सबसे बडा लक्ष्य है। श्रीलंका की तरफ से दनुष्का गुणाथिलाका ने 76 और कुशल मेंडिस ने 89 रन बनाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 159 रनों की साझेदारी की। श्रीलंका के कप्तान एंजेलो मैथ्यूज 52 रन बनाकर नाबाद रहे।

श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। भारत की तरफ से ओपनर शिखर धवन ने 125 रनों की पारी खेली। धवन ने रोहित शर्मा (78) के साथ 138 रनों की साझीदारी की थी। इस सलामी जोड़ी ने चैंपियंस ट्राफी में शतकीय साझीदारी करके रिकॉर्ड बना दिया। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 63 रन बनाए।

SI News Today

Leave a Reply