Thursday, April 18, 2024
featured

सबसे पहले इस खिलाड़ी ने 6 गेंदों पर जड़े थे 6 छक्के

SI News Today

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक 5 बल्लेबाजों ने एक ओवर में 6 छक्के जड़े हैं। इनमें युवराज सिंह और हर्शल गिब्स का नाम आपने सुना होगा। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सबसे पहले क्रिकेट में किस खिलाड़ी ने 6 गेंदों पर 6 छक्के मारे थे। आपको याद न हो तो हम बताते हैं। दुनिया के महान अॉलराउंडर्स में से एक वेस्टइंडीज के सर गारफील्ड सोबर्स पहले एेसे खिलाड़ी थे, जिन्होंने यह कीर्तिमान अपने नाम किया था। महान बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन ने उन्हें फाइव इन वन क्रिकेटर बताया था। 31 अगस्त 1968 को ग्लैमॉर्गन और नॉटिंघमशायर के बीच हुए फर्स्ट क्लास क्रिकेट मैच में सोबर्स एक अलग ही अंदाज में नजर आए थे। इस मैच में वह नॉटिंघमशायर के कप्तान भी थे। स्वानसी के सेंट हेलेन्स में खेले गए इस मैच में उस वक्त नॉटिंघमशायर का स्कोर 308/5 था। सोबर्स ने पारी घोषित करने से पहले तेजी से रन बनाने का फैसला किया, ताकि विपक्षी टीम के सामने बड़ा स्कोर खड़ा किया जा सके।

उनके निशाने पर आए मैलकम नैश। बाएं हाथ के नैश से उनके कप्तान टोनी लुइस ने स्पिन गेंदबाजी करने को कहका इसके बाद लुइस को अपने फैसले पर पछतावा जरूर रहा होगा। वेस्टइंडीज के इस दिग्गज खिलाड़ी ने पहली दो गेंदों को मिड विकेट बाउंड्री के ऊपर से सीमा पार पहुंचाया। तीसरी गेंद पर नैश ने तय किया कि वह गेंद को अॉफ स्टंप से थोड़ा बाहर फेकेंगे। लेकिन हश्र वही हुआ, जो पहली दो गेंदों का हुआ था। गेंद लॉन्ग अॉन पर सीमा पार कर चुकी थी। चौथी गेंद एक स्ट्रेट डिलिवरी थी, जिस पर सोबर्स ने बैकवर्ड स्क्वेयर लेग पर छक्का जड़ दिया।

हो ही गए थे आउट: पांचवी गेंद को अगर नाटकीय कहा जाए, तो गलत नहीं होगा। सोबर्स ने लॉन्ग अॉफ की दिशा में स्ट्रेट बॉल पर शॉट मारा। वहां रॉजर डेविस ने गेंद को पकड़ लिया और सोबर्स पवेलियन की ओर जाने लगे। लेकिन गेंद पकड़ने की कोशिश में डेविस बाउंड्री के पार ही चले गए और सोबर्स के नाम 5वां छक्का दर्ज हो गया। आखिरी गेंद का रोमांच चरम पर था। सभी विपक्षी खिलाड़ी बाउंड्री पर तैनात थे। नैश ने तेजी से गेंद डालने की कोशिश की। लेकिन सोबर्स ने मिड विकेट की दिशा में छठा छक्का जड़कर इतिहास रच दिया।

गौरतलब है कि 1985 में तिलक राज की गेंद पर रवि शास्त्री ने इस रिकॉर्ड को छुआ था। हाल ही में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में यह मुकाम पाने वाले खिलाड़ी हैं जॉर्डन क्लाक, जिन्होंने गुर्मन रंधावा की गेंदों पर 6 छक्के मारे थे। अगर इंटरनेशनल क्रिकेट की बात करें तो सबसे पहले साउथ अफ्रीका के हर्शल गिब्स ने यह कीर्तिमान हासिल किया था। उन्होंने 2007 में वेस्टइंडीज में हुए क्रिकेट विश्व कप में नीदरलैंड्स के खिलाफ 6 छक्के मारे थे। इसी साल पहले टी20 विश्व कप में भारतीय खिलाड़ी य़ुवराज सिंह में स्टुअर्ट ब्रॉड की गेंदों को एक ही ओवर में लगातार 6 बार सीमा पार पहुंचाया था। भारत ने पहला टी20 क्रिकेट विश्वकप 5 रनों से जीता था।

SI News Today

Leave a Reply