Friday, March 29, 2024
featured

फेसबुक पर दिखा कोहली का विराट व्यक्तित्व

SI News Today

टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली मैदान पर चौकों-छक्कों की जितनी बारिश करते हैं, उतना ही सोशल मीडिया पर एक्टिव भी रहते हैं। किसी जमाने में बेहद गोलमटोल और जंक फूड के दीवाने रहे विराट आज दुनिया भर में बसे भारतीयों के स्टाइल आइकन बन गए हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू के बाद विराट कोहली को कई बार असफलताओं का सामना करना पड़ा, लेकिन अपनी लगन और मेहनत के कारण वह मौजूदा दौर में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक हैं। जैसे-जैसे विश्व क्रिकेट में विराट कोहली का कद बढ़ा, उनकी फैन फॉलोइंग बढ़ती चली गई। विराट की फेसबुक पर फैन फॉलोइंग बॉलिवुड सुपरस्टार सलमान खान, दीपिका पादुकोण, इंटरनेशनल स्टार प्रियंका चोपड़ा से कहीं ज्यादा है। यहां तक कि घर-घर में पहचान रखने वाले कॉमेडियन कपिल शर्मा भी विराट से कोसों पीछे हैं।

सलमान के जहां फेसबुक पर 35,116, 924 फैन्स हैं, वहीं वनडे क्रिकेट में 27 शतक जड़ने वाले विराट के फेसबुक पर 3 करोड़ 57 लाख 26 हजार 471 फॉलोअर्स हैं। वहीं 3 करोड़ 54 लाख 33 हजार 132 लोग उनके पेज को फॉलो करते हैं। अगर भारत में विराट कोहली को फेसबुक का किंग कहा जाए, तो गलत नहीं होगा।

दीपिका और प्रियंका के भी क्रमश: 34, 048,200 और 31,726,023 फैन्स हैं। सर्वकालीन महान बल्लेबाज सचिन तेंडुलकर भी विराट के पास नहीं ठहरते। उनके भी फेसबुक पर 28,536, 442 फैन्स हैं। लोगों में विराट की दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके आधिकारिक फेसबुक पेज पर उनकी प्रोफाइल फोटो को 7 लाख 34 हजार लोगों ने लाइक किया है और 2070 हजार लोगों ने इसे शेयर किया है। यह तस्वीर विराट ने 21 जून को पोस्ट की थी। वहीं 18 जून को चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में पाकिस्तान से हारने के बाद विपक्षी टीम को बधाई देते विराट की तस्वीर को फेसबुक पर 15,602 लोगों ने शेयर किया था और 8 लाख 96 हजार ने इसे लाइक किया था।

हाल ही में वनडे में 8000 रन जड़ने वाले बल्लेबाज बने विराट के इंस्टाग्राम पर 1 करोड़ 14 लाख फॉलोअर्स हैं। ट्विटर पर भी लोगों की प्रति दीवानगी कम नहीं है। यहां भी उनके फॉलोअर्स 1 करोड़ (16.1 मिलियन) से ज्यादा हैं। विराट अपनी ज्यादातर निजी तस्वीरें या विडियोज यहीं पोस्ट करते हैं। उनकी एक-एक तस्वीर को लाखों को लाइक और हजारों लोग शेयर करते हैं। विराट ने अपने खेल से अन्य खिलाड़ियों के लिए उदाहरण पेश किया है। उनके 184 मैचों में 8013 रन हैं। वनडे में उन्होंने 27 शतक और 42 अर्धशतक जड़े हैं वो भी 54.14 की औसत और 91 की स्ट्राइक रेट से।

वहीं टेस्ट मैचों में भी विराट का रिकॉर्ड शानदार नजर आता है। 2013 में महेंद्र सिंह धोनी के कप्तानी छोड़ने के बाद विराट कोहली ने टीम इंडिया की कमान संभाली थी। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। टेस्ट क्रिकेट में विराट ने 57 मैचों की 97 पारियों में में 55.80 की औसत से 4497 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 235 रन हैं। इसमें विराट ने 16 शतक और 14 अर्धशतक ठोके हैं।

SI News Today

Leave a Reply