Friday, April 19, 2024
featuredलखनऊ

अखिलेश यादव ने अमित शाह के लंच के आयोजन पर हमला करते हुए कहा….

SI News Today

लखनऊ: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के लंच के आयोजन पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा भोजन को जाति से जोड़कर संकीर्ण मानसिकता का प्रदर्शन कर रही है। वह चुनावी वादा निभाने में विफल रही है। वाराणसी को क्योटो बनाने का उसका वादा तीन साल बाद भी जमीन पर नजर नहीं आ रहा है। किसान, नौजवान और गरीब परेशान हैं। महिलाएं असुरक्षित हैं। व्यापारी, राज्य कर्मचारी, शिक्षा मित्र आंदोलित हैं।

अखिलेश सोमवार को सपा कार्यालय में पार्टी के रणनीतिकारों के साथ प्रदेश की हालात पर मंथन के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार तीन साल में एक भी एक्सप्रेस-वे नहीं बना पायी है। समाजवादी सरकार ने 22 माह में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बनाया, जिस पर लड़ाकू और मालवाहक जहाज उतर सकते हैं। लखनऊ से नोएडा की दूरी पांच घंटे में पूरी हो जाती है। कहा कि भाजपा नेतृत्व वोट बैंक की राजनीति को हवा दे रहा है।

वह लंच को जाति से जोड़कर संकीर्ण मानसिकता का प्रदर्शन कर रही है। विधायकों की खरीद फरोख्त कर रहे हैं क्योंकि भाजपा नेता जनता के बीच जाने से घबरा रहे हैं। वादाखिलाफी, विकास कार्यों में नाकामी से जनता भाजपा सरकार से परेशान है। कहा कि भाजपा राजनीतिक भ्रष्टाचार के सहारे बिहार, मणिपुर, गोवा में सत्ता में आई। केंद्र और राज्य सरकारों को जनता को जवाब देना होगा। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश बड़ी भूमिका अदा करने वाला है।

मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि सोमवार को अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार को समाजवादी सरकार के कार्यों से चिढ़ है। वह घबराई हुई है, इसलिए उसके विकास कार्यो केबारे में दुष्प्रचार कर रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री दोनों जब तब प्रदेश के लिए घडिय़ाली आंसू बहाते हैं मगर जनकल्याणकारी योजनाएं लागू नहीं करा सके हैं। इससे पहले राजनीतिक हालात को लेकर हुई चर्चा में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी, विधान परिषद में नेता विरोधी दल अहमद हसन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम भी शामिल थे।

SI News Today

Leave a Reply