Friday, March 29, 2024
featuredलखनऊ

मायावती ने कहा- भाजपा के अपराधों से हर दिन दहल रहा प्रदेश

SI News Today

लखनऊ: बसपा प्रमुख मायावती ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा सरकार की सराहना करने को जनता से फरेब बताया। सोमवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि सनसनीखेज वारदात से प्रदेश हर दिन दहल रहा है और शाह योगी सरकार की पीठ थपथपा रहे हैं। 22 करोड़ जनता को कब तक छलावे में रखा जाएगा।

मायावती ने कहा कि केंद्र व प्रदेश में एक ही पार्टी की सरकार होने का कोई लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विकास कार्यों में अतिरिक्त बजट मुहैया करने के बदले जनकल्याण की योजनाओं में भारी कटौती कर रही है, जिससे भाजपा का मूल चरित्र भी जाहिर हो रहा है। भाजपा शासन में जिस तरह से भय व आतंक का माहौल बना है, क्या इसको ही भाजपाई कानून का राज कहते है? उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष का कहना है कि कानून व्यवस्था सुधारने में वक्त लगेगा तो क्या सरकार प्रदेश तबाह होने के इंतजार में है?

मायावती ने आरोप लगाया कि जनता को बरगलाकर सत्ता पाने वाली भाजपा अब भी भ्रम की स्थिति बनाए रखने की कोशिश में है। लोगों की आंखों में धूल झोंकना भाजपा की आदत बन गयी है। उन्होंने इलाहाबाद में प्रधानाचार्य पर हुए कातिलाना हमले का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा शासन में अपराध ही अपराध बोल रहा है। चार माह के शासनकाल में भाजपा सरकार का प्रदेश के विकास में योगदान जीरो है। किसानों की आय को दोगुना करने के दावों में भी कोई दम नहीं है। केंद्र सरकार ने शिक्षा व रोजगार की योजनाओं में केंद्रीय सहायता घटाकर प्रदेश की जनता से एक और फरेब किया है।

SI News Today

Leave a Reply