Friday, March 29, 2024
featuredदेश

कांग्रेस के हंगामें के बाद लोकसभा में बोलते हुए गृह मंत्री राजनाथ सिंह….

SI News Today

गुजरात दौरे के दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के काफिले पर पथराव की घटना को लेकर लोकसभा में मंगलवार को कांग्रेस सदस्यों ने भारी हंगामा किया और इस घटना को राहुल गांधी की जान लेने का प्रयास बताया। वहीं, गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी इस देश की अनमोल धरोहर है और इस घटना को किसी प्रकार से उचित नहीं ठहराया जा सकता है लेकिन देश जानना चाहता है कि छह मौकों पर 72 दिन विदेश में रहने के दौरान उन्होंने एसपीजी सुरक्षा क्यों नहीं ली? गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘‘कांग्रेस उपाध्यक्ष छह मौकों पर 72 दिन विदेश में रहे और इस दौरान उन्होंने एसपीजी सुरक्षा नहीं ली तथा कानून का उल्लंघन करके स्वयं की सुरक्षा को खतरे में डाला। देश जानना चाहता है कि राहुल गांधी विदेश यात्रा के बारे में क्या छिपाना चाहते हैं?’’

लोकसभा में आज कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि गुजरात में बाढ़ पीड़ितों से मिलने गए राहुल गांधी पर जानलेवा हमला हुआ और अगर पत्थर कार की अगली सीट पर लगता तो उनकी जान जा सकती थी। गांधी परिवार से दो लोगों की जान गई है, वे शहीद के बेटे हैं, उनकी जान लेने की कोशिश हुई है, लेकिन हम डरने वाले नहीं है। हम महात्मा गांधी के अहिंसा के पथ पर चलने वाले हैं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आप हिंसा और घृणा की बाते करते हैं, हम हिंसा की बात करते हैं। इस मामले में दोषियों को दंडित किया जाए और भाजपा माफी मांगे। कांग्रेस सदस्यों के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही पहली बार साढे़ ग्यारह बजे आधे घंटे के लिए और फिर 12 बजकर 20 मिनट पर दिनभर के लिये स्थगित हो गई।

इस पर राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने 121 बार देश के विभिन्न स्थानों का दौरा किया और 100 बार एसपीजी कानून का उल्लंघन किया और सुरक्षा नहीं ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष छह दौरे पर 72 दिन विदेश में रहे और इस दौरान एसपीजी सुरक्षा नहीं ली तथा कानून का उल्लंघन करके स्वयं की सुरक्षा को खतरे में डाला। उन्होंने कहा कि देश जानना चाहता है कि राहुल गांधी विदेश यात्रा के बारे में क्या छिपाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि एसपीजी सुरक्षा संसद के कानून के तहत प्रदान की जाती है। लेकिन राहुल गांधी ने यह सुरक्षा नहीं लेकर कानून का उल्लंघन किया और स्वयं के प्रति भी लापरवाही बरती।
गृह मंत्री ने कहा कि मुझे लगता है कि राहुल गांधी आपदा राहत का जायजा लेने की बजाए वहां आपदा पर्यटन करने गए थे। राजनाथ ने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार और अन्य एजेंसी ने सुरक्षा का पूरा प्रबंध किया था लेकिन राहुल गांधी ने एसपीजी की बुलेट प्रूफ कार में बैठने की सलाह की बजाय गैर बुलेट प्रूफ कार में बैठने की अपने पीएस की सलाह को माना। राहुल गांधी लोगों से मिलने के लिये बार बार कार से उतरते रहे, ऐसे स्थानों पर भी रूके जो पूर्व निर्धारित नहीं था। धनेरा गांव में उन्हें काले झंडे दिखाये गए और इसके बाद वे सात मिनट बाद ही वहां से रवाना हो गए।

राजनाथ ने कहा कि देश में राहुल गांधी ने 100 बार बुलेफ प्रूफ कार का इस्तेमाल नहीं किया। विदेश दौरे के दौरान एसपीजी सुरक्षा नहीं ली। इन उल्लंघनों के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी के कार्यालय को ध्यान दिलाया गया। इनके कार्यालय से कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि विदेश दौरे पर जाने के संबंध में भी राहुल गांधी कुछ घंटे पहले सूचित करते हैं। संसद के अधिनियम के तहत एसपीजी सुरक्षा प्रदान की जाती है। उच्चतम न्यायालय में भी इस संबंध में निर्देश आ चुके हैं। एसपीजी सुरक्षा के बिना विदेश जाना कानून का उल्लंघन है।

इससे पहले कांग्रेस के मल्लकार्जुन खडगे ने सवाल किया था कि जो लोग जम्मू कश्मीर में पत्थरबाजी करते हैं, उन्हें आतंकी कृत्य कहा जाता है, तो गुजरात में पत्थर फेंकने वालों को क्या कहा जाए। राहुल गांधी राष्ट्रीय नेता है और गुजरात में बाढ़ पीड़ितों से मिलने गए जहां 270 लोगों की जान जा चुकी है। गुजरात के मुख्यमंत्री उस स्थान पर पांच दिन बाद जाते हैं लेकिन राहुल गांधी की गाड़ी पर पत्थर से हमला किया जाता है। हम पूछ रहे हैं कि मुख्यमंत्री पांच दिन कहां थे।

बहरहाल, गृह मंत्री ने इसका जवाब देते हुए कहा कि क्या कारण है कि जिस पार्टी के नेता विपक्ष के है, वे वहां जाते हैं और लोग उन्हें काले झंडे दिखाते हैं, उनके खिलाफ नारेबाजी करते हैं, जबकि वहां के मुख्यमंत्री जाते हैं, तब ऐसी कोई घटना नहीं होती है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पत्थर फेंका, उनपर कार्रवाई हुई है, प्रदेश में राहुल गांधी की सुरक्षा में कहीं भी किसी भी प्रकार की कमी नहीं हुई। मुझे यहां लगता है कि राहुल गांधी आपदा राहत का जायजा लेने नहीं बल्कि आपदा पर्यटन करने गए थे। सुरक्षा की सारी की सारी व्यवस्था उस समय धरी की धरी रह जाती है जब सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति इसका उल्लंघन करते हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि पत्थर किसी पर चले, राजनीतिक कार्यकर्ता पर चले, आम नागरिक पर चले अथवा सेना के जवान पर चले, इसे किसी भी प्रकार से उचित नहीं ठहराया जा सकता है। इस मसले पर कांग्रेस सदस्यों के हंगामे के कारण एक बार के स्थगन के बाद सदन की कार्यवाही 12 बजे फिर से शुरू होने पर कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि राजनाथ सिंह ने सदन को गुमराह करने वाला बयान दिया है। उनकी इस बात का संसदीय मामलों के मंत्री अनंत कुमार ने कड़ा विरोध किया और कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी देश को गुमराह कर रहे हैं।

बीजेपी संसदीय बोर्ड में यह कह कर पीएम ने खारिज किए सुषमा स्वराज, राजनाथ सिंह आदि के नाम वहीं अनंत कुमार ने कहा कि कांग्रेस बताए कि राहुल गांधी कहां कहां जा रहे हैं और वह एसपीजी सुरक्षा कवर क्यों नहीं ले रहे हैं। एसपीजी सुरक्षा पर सरकार इतना खर्च करती है और सरकार उन्हें पूरी सुरक्षा दे रही है। इसके बावजूद वह एसपीजी सुरक्षा कवर क्यों नहीं ले रहे हैं? उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी विदेश यात्रा पर जाते हैं तो एसपीजी सुरक्षा कवर क्यों नहीं लेते। कांग्रेस सदस्य इस मुद्दे को लेकर फिर से आसन के समक्ष आकर पोस्टर दिखाने लगे।

तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय ने इसी बीच कहा कि राहुल गांधी पर हमला बेहद निंदनीय और गरिमा के खिलाफ है और साथ ही यह समाज में बढ़ती असहिष्णुता का भी परिचायक है। उन्होंने मांग की कि सदन को इस घटना की निंदा करनी चाहिए और उन्हें पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस पार्टी के सदस्य भी आसन के समक्ष नारेबाजी कर रहे कांग्रेस सदस्यों के साथ शामिल होकर नारेबाजी करने लगे। अध्यक्ष ने इसके बाद शून्यकाल शुरू करवाया लेकिन हंगामे बढ़ता देख उन्होंने कुछ ही देर बाद सदन की बैठक दिनभर के लिए स्थगित कर दी।

SI News Today

Leave a Reply