Friday, March 29, 2024
featuredलखनऊ

गोमतीनगर के विजय खंड में चोटी कटने की घटना आई सामने…

SI News Today

लखनऊ: कमरा अंदर से बंद था। कैंची भी बरामद हुई और इल्जाम तथाकथित चोटी कटवा पर! गोमतीनगर के विजय खंड में चोटी कटने के बाद से महिला काफी डरी हुई है। हालांकि बुधवार को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उधर घर पहुंचते ही उसे देखने के लिए मुहल्ले की महिलाएं जुट गईं। उसका हाल देखकर उनके चेहरे पर भी चिंता की लकीरें दिखीं।

मंगलवार देर रात में विजय खंड दो निवासी राजू कन्नौजिया की पत्नी पूजा (28) कमरे में सो रही थी। तभी घटना हुई। सीओ गोमतीनगर दीपक कुमार सिंह के मुताबिक महिला के बालों को कब्जे में ले लिया है। कमरे से एक कैंची भी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार कमरा भीतर से बंद था, इसके बावजूद महिला की चोटी कटने की घटना कई सवाल खड़े कर रही है। मामले की जांच की जा रही है।

महिला की जुबानी: बकौल पूजा, ‘मैं कमरे में फर्श पर ही सो रही थी। देर रात में पैर में हल्की चोट लगी। आहट सुनकर नींद खुल गई। मैं जब नींद से जगी तो कमरे में एक बिल्ली दिखाई दी। इस पर मैंने शोर मचाकर पति राजू को जगाया। तब पता चला कि मेरे बाल कट गए हैं। बिल्ली को देखकर राजू ने डंडा लेकर उसे बाहर तक दौड़ाया। इसके बाद मैं बेहोश हो गई।’

एसएसपी ने की तहकीकात: महिला की चोटी कटने की जानकारी मिलने पर एसएसपी दीपक कुमार बुधवार दोपहर में पीड़िता के घर पहुंचे। पीड़िता से पूछताछ की। मामले को संदिग्ध मान रही पुलिस का कहना है कि कमरे से जो कैंची बरामद की गई है, उसमें बाल लगे हुए थे। एसएसपी ने स्थानीय लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देने को कहा है। राजधानी में चोटी कटने की घटना के बाद से पुलिस अब चौकन्नी हो गई है। लोगों में भय व्याप्त न हो, इसके लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सीओ गोमतीनगर के मुताबिक क्षेत्र में सुरक्षाकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

देखने वालों का लगा तांता: पूजा की चोटी कटने की खबर पूरे क्षेत्र में जंगल में आग की तरह फैल गई है। उजरियांव गांव तथा आसपास की महिलाएं बुधवार को पूजा को देखने उनके घर पहुंची। महिलाओं में तरह तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इस घटना को संदिग्ध बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह महज अफवाह है।

SI News Today

Leave a Reply