Friday, April 26, 2024
featuredदुनिया

पाकिस्तान ने फिर कश्मीर में किया सीजफायर उल्लंघन…

SI News Today

पाकिस्तान है कि अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। आए दिन वह सीज़फायर का उल्लंघन करता रहता है। ताजा मामला जम्मू कश्मीर के मेंढ़र सेक्टर का है जहां पर पाकिस्तान की तरफ से हुई गोलीबारी में एक महिला की मृत्यु हो गई है। महिला की पहचान 45 वर्षीय रकिया बेगम के रूप में हुई है। खबर के अनुसार एसडीपीओ रियाज़ तंतरै ने बताया कि महिला मेंढ़र के ऊपरी गोलात की रहने वाली थी। यह घटना शनिवार तड़के 5:30 पर हुई। वहीं एक अन्य मामले में शुक्रवार की रात आतंकवादियों ने कुपवाड़ा के कालारूस के जंगल इलाके में स्थित 42 राष्ट्रीय राइफल के हेडक्वाटर पर हमला कर दिया था। इस घटना में एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे प्राथमिक उपचार के बाद ड्रगमुल्ला स्थित सैन्य अस्पताल में इलाज के लिए भेज दिया गया। फिलहाल आतंकवादियों को ढूंढने के लिए सेना ने सर्च ऑपरेशन चला रखा है।

वहीं बुधवार को भी पाकिस्तान की ओर से सीजफायर का उल्लंघन किया गया था। पाक की तरफ से हुई गोलीबारी में भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया था। पाकिस्तानी सेना के जवानों ने एलओसी पर केजी सेक्टर को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की। आईएएनएस ने रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से बताया कि पाकिस्तान आर्मी ने पुंछ जिले के मानकोटा इलाके में सीजफायर का उल्लंघन किया। सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी की फायरिंग में मारे गए जवान की पहचान सिपाही पवन कुमार के रूप में हुई है।

इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने सात अगस्त को राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर की बाबा खोरी पट्टी में एलओसी पर स्थित भारतीय चौकियों पर गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। पाकिस्तानी सेना इस साल एक अगस्त तक 285 बार ऐसे संघर्ष विराम उल्लंघन कर चुकी है। पिछले साल यह संख्या 228 थी। आपको बता दें कि पाकिस्तान की तरफ से लगातार सीज फायर का उल्लंघन हो रहा है। साथ ही घुसपैठ की घटनाएं भी पिछले कुछ महीनों में काफी बढ़ गई हैं। इसमें भारत की तरफ से मुंहतोड़ जवाब तो दिया जा रहा है लेकिन जवान भी शहीद हो रहे हैं।

SI News Today

Leave a Reply