Thursday, April 25, 2024
featuredदुनियादेश

विदेश तक पहुंची गुरमीत राम रहीम समर्थकों की हिंसा की आंच…

SI News Today

ऑस्‍ट्रेलिया ने बलात्कार के एक मामले में स्वयंभू बाबा गुरमीत राम रहीम सिंह को दोषी ठहराए जाने पर भड़की हिंसा के बाद भारत की यात्रा करने वाले अपने नागरिकों को आज सुरक्षा परामर्श जारी करते हुए उन्हें अत्यधिक सतर्कता बरतने के लिए कहा है। सिरसा में डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख राम रहीम के हजारों समर्थकों ने आज जमकर उपद्रव किया, वाहनों, इमारतों और रेलवे स्टेशनों में आगजनी की। वर्ष 2002 के बलात्कार मामले में सीबीआई की विशेष अदालत में राम रहीम को दोषी ठहराए जाने के बाद यह हिंसा भड़की। विदेश मामलों एवं व्यापार विभाग द्वारा जारी परामर्श में भारत जाने वाले यात्रियों को बड़ी संख्या में एकत्रित होने से बचने और स्थानीय अधिकारियों की सलाह मानने के लिए कहा गया है।

परामर्श में कहा गया है, स्थानीय परिवहन को बाधित किया गया है। कई सड़कों को बंद कर दिया गया है और रेलगाड़ियां रद्द की गई है। इसमें कहा गया है, 25 अगस्त 2017 को आध्यात्मिक संगठन डेरा सच्चा सौदा के नेता को दोषी ठहराए जाने के बाद हरियाणा (खासतौर से सिरसा और पंचकूला) और पंजाब तथा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में हिंसा की घटनाएं दर्ज की गई हैं। परामर्श में कहा गया है, इन इलाकों में 30 अगस्त 2017 तक अनधिकृत रूप से एकत्रित होने पर प्रतिबंध है। बड़ी संख्या में एकत्रित होने से बचें क्योंकि यह हिंसक हो सकता है। चंडीगढ़ में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है। आपकी सुरक्षा पर असर डालने वाली जानकारियों के लिए मीडिया पर नजर रखें।

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दुष्कर्म मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद भड़की हिंसा में 30 लोगों की मौत के बाद शनिवार को पंजाब और हरियाणा में शांति है। दोनों राज्यों के कई स्थानों पर सेना की टुकड़ियां रातभर गश्ती करती रहीं। दक्षिणपश्चिम पंजाब के मालवा क्षेत्र और पंचकूला और सिरसा में 10 स्थानों पर शनिवार को सैनिकों का फ्लैग मार्च हुआ। मानसा, भटिंठा, पटियाला, फाजिल्का, फिरोजपुर, फरीदकोट, मलोत, संगरूर और बरनाला सहित दक्षिणपश्चिम पंजाब के कुछ जिलों में शनिवार को कर्फ्यू लगा हुआ है। पंचकूला, सिरसा और कैथल में भी कर्फ्यू जारी है। दोनों राज्यों में कई स्थानों पर शैक्षणिक संस्थानों को सोमवार तक बंद करने के आदेश दिए गए हैं।

राम रहीम को दोषी ठहराए जाने के बाद शुक्रवार को डेरा प्रेमियों ने बड़े पैमाने पर हिंसा की, जिसमें कई वाहनों को जला दिया गया, सार्वजनिक संपत्ति को बड़ा नुकसान हुआ है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के विशेष न्यायाधीश जगदीप सिंह डेरा प्रमुख की सजा का ऐलान 25 अगस्त को करेंगे। डेरा प्रमुख अपनी दो पूर्व शिष्याओं के साथ दुष्कर्म मामले में दोषी हैं।

डेरा प्रमुख को दिल्ली से लगभग 70 किलोमीटर दूर रोहतक के पास की जेल में रखा गया है। जेल अधिकारियों का कहना है कि बीते तीन दशकों में लग्जरी जीवन जीने का आदी हो चुके राम रहीम को रातभर जेल में नींद नहीं आईं। उनकी शनिवार को मेडिकल जांच होगी। डेरा प्रमुख को जिस जेल में रखा गया है, वहां भारी सुरक्षा-व्यवस्था है।

SI News Today

Leave a Reply