बॉलीवुड में किस तरह गणपति की धूम मची रहती है ये तो सभी जानते हैं लेकिन एक्टर रितेश देशमुख ने अपने यहां गणपति पूजन को थोड़ा और स्पेशल बनाने का फैसला किया। असल में रितेश ने खुद अपने हाथों से इको-फ्रेंडली गणपति बनाए। रितेश ने भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा बनाते हुए अपना यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
उन्होंने यह गणपति देश के अन्नदाता किसानों को समर्पित किया है। 38 वर्षीय रितेश के इस कदम की बाकी सेलेब्स ने खूब तारीफ की। रितेश इन दिनों यूएस में हैं और उन्होंने अपने इंस्टाग्राम और ट्विटर हैंडल से यह वीडियो शेयर किया है। ट्विटर पर यह वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा- गणेश चतुर्थी इन अमेरिका, एक आदर्श बनाया है, मैं इसे दिल से देश के किसानों को समर्पित करना चाहता हूं।
रितेश के इस वीडियो को देखने के बाद बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर ने लिखा- शानदार तरीके से इंडस्ट्री का सबसे अच्छा, सादा और कूल इंसान। उधर एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा ने लिखा- शानदार. शानदार. शानदार. दूर दूर तक मेरा प्रिय रितेश देशमुख। बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट ने भी रितेश के इस कदम की तारीफ की है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा- यह बहुत शानदार है। हर तरह से इको फ्रेंडली। इतना प्यारा वीडियो है। बॉलीवुड फिल्म निर्माता-निर्देशक करण जौहर ने लिखा- यह बहुत बहुत अच्छा है मेरे प्यारे रितेश और जेनेलिया। ईश्वर तुम दोनों पर आशीर्वाद बनाए रखे। रितेश की पत्नी को भी यह गणपति बहुत अच्छे लगे और उन्होंने लिखा- तुम पर बहुत गर्व है मुझे।
गौरतलब है कि रितेश ने इससे पहले एक तस्वीर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर की थी जिसमें उनके हाथों के पीछे भगवान गणेश की तस्वीर बनी हुई थी। हालांकि वह तस्वीर रितेश की फिल्म बैंजो से थी। अब उन्होंने यह वीडियो शेयर किया है इस वीडियो को अब तक 2 लाख 91 हजार लोग अब तक सिर्फ इंस्टाग्राम के जरिए देख चुके हैं।