Saturday, April 20, 2024
featuredदिल्ली

ब्लू व्हेल खोजने वाले देशों में भारत पहले नंबर पर…

SI News Today

नई दिल्ली: रूस में पैदा हुई ब्लू व्हेल ने भारत के कई शहरों में लोगों को बुरी तरह आतंकित कर रखा है। गूगल ट्रेंड रिपोर्ट के 12 महीने के आंकड़ों के मुताबिक भारत में इस जानलेवा गेम को सबसे ज्यादा खोजा गया। अभी राज्यों में मणिपुर सबसे आगे है, जबकि पश्चिम बंगाल 18वें स्थान पर है। बुधवार 30 अगस्त तक के आंकड़ों के मुताबिक कोलकाता के लोगों ने इस गेम को दुनिया के किसी भी शहर के मुकाबले सबसे ज्यादा खोजा। अभी तक के आंकड़ों के मुताबिक भारत में कोच्चि और तिरुअनंतपुरम ने कोलकाता को तीसरे नंबर पर धकेल दिया है।

कोच्चि में इस ऑनलाइन गेम को खोजने वालों में 100 फीसदी उछाल दर्ज किया गया। देशों के मामले में सिर्फ ब्लू व्हेल कीवर्ड डालकर खोजने वालों में इटली पहले और भारत चौथे नंबर है, जबकि ब्लू व्हेल सुसाइड गेम कीवर्ड से खोजने पर भारत सबसे ऊपर जबकि पाकिस्तान दूसरे पायदान पर है। बता दें कि पिछले दिनों ब्लू व्हेल गेम देश में 5 स्टूडेंट्स की जान ले चुका है। दुनियाभर में इसे खेलते हुए सुसाइड का आंकड़ा 130 से ज्यादा पहुंच चुका है।

– ब्लू व्हेल खोजने वाले दुनिया के 10 शहरों की लिस्ट में भारत के सात शहर हैं। इनमें कोच्चि, तिरुअनंतपुरम, कोलकाता, गुवाहाटी, बेंगलूर, मुंबई, नई दिल्ली शामिल हैं। इसके अलावा अमेरिका का सैन एंटोनियो, केन्या का नैरोबी और फ्रांस का पेरिस भी इस सूची में हैं।

– गूगल ट्रेंड के मुताबिक, ज्यादातर लोगों ने खोजने के लिए ब्लू व्हेल-एनीमल, व्हेल एनीमल या सुसाइड जैसे टॉपिक्स का इस्तेमाल किया। जबकि Queries के लिए डाउनलोड गेम व्लू व्हेल और ब्लू व्हेल सुसाइड गेम का इस्तेमाल किया।

सुसाइड को उकसाने वाली लड़की गिरफ्तार
– लोगों को सुसाइड के लिए उकसाने वाली 17 साल की लड़की को रूस की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। माना जा रहा है कि यही लड़की लोगों को टास्क पूरा नहीं करने पर धमकी देती थी।

– रूस की यह लड़की धमकी देती थी कि टास्क पूरा करें, नहीं तो वो उनकी या उनके परिवार वालों की हत्या कर देगी। इसी लड़की को इस गेम को बढ़ावा देने का मास्टरमाइंड माना जा रहा है।

– रूस की पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में इस लड़की ने खुद गेम खेला था, लेकिन उसने अंतिम टास्क पूरा करने के लिए सुसाइड नहीं की। इसके बाद वह इस गेम की एडमिनिस्ट्रेटर बन गई।

किसने बनाया है ब्लू व्हेल?
– सुसाइड के लिए उकसाने वाले गेम को रूस के फिलिप बडकिन ने 2013 में बनाया था। बडकिन साइकोलॉजी का स्टूडेंट था, जिसे यूनिवर्सिटी ने निकाल दिया था। उसका दावा था कि उसने इस गेम को समाज की सफाई के लिए बनाया है। बाद में बडकिन को 16 युवाओं को आत्महत्या के लिए उकसाने के जुर्म में गिरफ्तार कर लिया गया। उसे तीन साल कैद की सजा दी गई।

– जुलाई से अब तक उत्तर प्रदेश, केरल, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल से इस गेम को खेलने के दौरान स्टूडेंट्स के सुसाइड के मामले सामने आए हैं। कई बच्चों को गेम के आखिरी टास्क को पूरा करने के लिए जान गंवानी पड़ी है।

– 50 दिन तक ब्लू व्हेल के प्लेयर्स को टास्क दिए जाते हैं। आखिरी स्टेज में फोटो के तौर पर एडमिनिस्ट्रेटर को फोटो प्रूफ देने होते हैं। इनमें शरीर पर कट लगाना, हाथ की नसें काट लेना, ब्लेड से हाथ पर व्हेल बनाना और शरीर के किसी हिस्से में कई सुइयां चुभाने जैसे सबूत शामिल हैं।

ब्लू व्हेल से सरकार परेशान
– गेम को लेकर पेरेंट्स ही नहीं सरकारें और एजेंसियां भी परेशान हैं। आईटी मिनिस्ट्री ने गूगल, फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, माइक्रोसॉफ्ट और याहू को तत्काल ब्लू व्हेल से जुड़ी सभी चीजें हटाने को 11 अगस्त को चिट्ठी लिखी थी। पश्चिम बंगाल में इस गेम का असर इसी से समझा जा सकता है कि 24 अगस्त को वेस्ट बंगाल सीआईडी ने अपने ऑफीशियल फेसबुक पेज पर एवेयरनेस के लिए एक वीडियो जारी किया।

– इसमें सीआईडी ने बच्चों को इस गेम से दूर रहने की चेतावनी दी है। साथ ही पेरेंट्स और टीचर्स के लिए गाइडलाइन भी जारी की।

SI News Today

Leave a Reply