Friday, March 29, 2024
featuredदेश

ठाणे पुलिस ने बच्चा बेचने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, 6 महिलाओं समेत आठ लोग हिरासत में…

SI News Today

ठाणे पुलिस ने बच्चों को बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ कर 6 महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने आज बताया कि एक खुफिया सूचना के आधार पर ठाणे पुलिस की अपराध शाखा रविवार की शाम को मुलुंड जांच नाका के नजदीक एक होटल के पास निगरानी रख रही थी। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितिन ठाकरे ने बताया कि अधिकारियों ने वहां एक पुरुष और एक महिला को देखा जिनकी गोद में करीब एक माह का बच्चा था, उनकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं।

उन्होंने बताया कि जब पुलिस ने उनके नाम और बच्चे के बारे में पूछा तो दोनों टाल मटोल करने लगे। ठाकरे ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और उनसे पूछताछ की। दोनों ने बताया कि वे मुंबई में एक व्यक्ति को 1.35 लाख रुपए में वह बच्चा बेचने आए थे। आगे पूछताछ करने पर महिला ने बताया कि अहमदनगर जिले से दो लोग ठाणे में मुंब्रा इलाके में आए थे और वह बच्चे को बेचना चाहते थे।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, महिला ने बताया कि उन दोनों ने मुंब्रा में दो महिलाओं को वह बच्चा दिया और उन महिलाओं ने बच्चे को मुंबई में बेचने के लिए उसे सौंप दिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार की गई महिला द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने रविवार रात को ठाणे में मुंब्रा रेलवे स्टेशन के पास से पांच महिलाओं और एक पुरुष को पकड़ा। ठाकरे ने बताया कि सभी आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन पर विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि बच्चे को ठाणे में बाल देखभाल केंद्र में रखा गया है।

SI News Today

Leave a Reply