Friday, March 29, 2024
featuredदिल्ली

तांत्रिक की करतूत सुनकर दंग रह जाएंगे आप, जानिए…

SI News Today

नई दिल्ली: राजधानी दिल्‍ली में एक ऐसे तांत्रिक की कहानी सामने आई है, जिसकी करतूत सुनकार आप भी दंग रहे जाएंगे। मामला दिल्ली के मयूर विहार इलाके का है। दो महिलाएं व एक पुरुष अपनी मुराद पूरी करने के लिए एक तांत्रिक की शरण में गए। फ‍िर तांत्रिक ने जो कहा उन लोगों ने वही किया। तांत्रिक का मकसद तीनों की जान लेना था। उसके कहने पर सभी ने यमुना नदी में छलांग लगा दी।

गनीमत रही कि मौके पर जिला प्रशासन के वॉलंटियर्स ‘भगवान’ बनकर घाट पर ही तैनात थे। महिलाओं को डूबता देखकर उन्होंने नदी में छलांग लगाई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस ने पीड़ितों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

पीड़ित महिलाएं नोएडा सेक्टर-16 स्थित जेजे कॉलोनी के रहने वाली हैं। हालांकि, किसी ने तांत्रिक के खिलाफ शिकायत नहीं दी। इसलिए पुलिस ने सिर्फ शांति भंग करने का मामला दर्ज कर तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान नोएडा निवासी चंद्रभूषण के रूप में हुई है।

तांत्रिक ने बताया भूत-प्रेत का साया
दरअसल, दो महिला और एक पुरुष मानसिक रूप से बीमार थे, लेकिन पड़ोसी तांत्रिक चंद्रभूषण ने उन पर भूत-प्रेत का साया बताया। वह तीनों को बरगलाकर रविवार शाम करीब छह बजे डीएनडी के पास यमुना घाट के किनारे ले आया। यहां काफी भीड़भाड़ थी और जिला प्रशासन के वॉलंटियर्स यमुना से दुर्गा पूजा के अवशेषों की सफाई में जुटे थे।

इन सबके बीच तांत्रिक ने काफी देर तक हवन किया और तीनों को यमुना में छलांग लगाने के लिए कह गया। तांत्रिक के कहने पर तीनों ने जैसे ही नदी में छलांग लगाई, वॉलंटियर प्रेमजीत व अरविंद झा हरकत में आए और यमुना में कूदकर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसकी सूचना पुलिस और जिला प्रशासन को भी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीनों मानसिक रूप से बीमार हैं और उनका इलाज कराया जा रहा है। उनके साथ परिजनों ने भी तांत्रिक के खिलाफ शिकायत नहीं दी, लेकिन मौके पर शांति भंग करने की कोशिश की गई। इसलिए मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बहादुरी का सम्मान
मौके पर पहुंचे मयूर विहार के एसडीएम अजय अरोड़ा और एसीपी शोभित सक्सेना ने दोनों वॉलंटियर्स की बहादुरी की प्रशंसा की। एसीपी ने कहा कि दोनों को पुलिस की तरफ से बहादुरी का सम्मान दिलाया जाएगा। तीनों को बचाने के प्रयास में प्रेमजीत का मोबाइल यमुना में डूब गया। इसलिए एसडीएम अजय अरोड़ा ने उसे नया मोबाइल देने का भी भरोसा दिलाया।

SI News Today

Leave a Reply