Friday, March 29, 2024
featured

जानिए सदाबहार रेखा के कुछ अनसुने किस्से…

SI News Today

मुंबई: 10 अक्तूबर 1954 को जन्मीं रेखा ने महज 15 साल की उम्र में बॉलीवुड में एंट्री कर ली थी। उनको इंडस्ट्री में काफी संघर्ष करना पड़ा। कई उतार-चढ़ाव उनकी रील और रियल लाइफ में आए। इस दौरान कई फ़िल्मस्टार्स के साथ उनका नाम जुड़ा। इनमें नवीन निश्चल से लेकर अक्षय कुमार तक का नाम शामिल है। कहते हैं कि विनोद मेहरा से तो रेखा ने शादी तक कर ली थी। लेकिन, इतने अफेयर होने के बावजूद आज भी रेखा अकेली हैं।

जितेंद्र थे रेखा का पहला प्यार
कहा जाता रहा है कि रेखा का पहला प्यार शुरुआती फ़िल्म ‘सावन भादो’ के नायक नवीन निश्चल थे। लेकिन, यासीर उस्मान ने अपनी किताब ‘रेखा: एन अनटोल्ड स्टोरी’ में दावा किया है कि रेखा को पहला इश्क जितेंद्र से हुआ, लेकिन जितेंद्र अपनी एयरहोस्टेस गर्लफ्रेंड शोभा के साथ कमिटेड थे। इसलिए ये लवस्टोरी आगे नहीं बढ़ पाई। ऐसे में रेखा का पहला प्यार अधूरा रह गया। इसके बाद रेखा का दिल विनोद मेहरा पर आ गया।

रेखा ने की थी विनोद मेहरा से शादी!
ख़बरों की मानें तो रेखा ने विनोद मेहरा से शादी की थी। यह शादी कोलकाता में हुई थी। इसके बाद विनोद मेहरा, रेखा को अपने घर ले गए। लेकिन, विनोद मेहरा की मां कमला मेहरा ने रेखा को बहू के रूप में स्वीकार नहीं किया। बताते हैं कि कमला को रेखा के अतीत के बारे में पता था कि वह बिन-ब्याही मां पुष्पावती की बेटी हैं। इसलिए कमला ने रेखा को घर में घुसने ही नहीं दिया। ऐसे में विनोद मेहरा भी कुछ कर नहीं पाए और यह रिश्ता टूट गया। हालांकि, रेखा और विनोद मेहरा की शादी का कोई सबूत नहीं है। रेखा भी इस बात का खंडन कर चुकी हैं। एक इंटरव्यू में रेखा ने शादी की ख़बर को अफ़वाह बताते हुए विनोद मेहरा को अपना शुभचिंतक बताया था।

रेखा और किरण की एक छोटी-सी लव स्टोरी
विनोद मेहरा से रिश्ता टूटने के बाद रेखा की ज़िंदगी में जीवन के बेटे और मशहूर विलन किरण कुमार आए। लेकिन, रेखा से किरण का रिश्ता जीवन को मंजूर नहीं था। ऐसे में किरण ने भी रेखा का साथ छोड़ दिया। आखिर रेखा की यह छोटी-सी लव स्टोरी भी ख़त्म हो गई।

अमिताभ-रेखा की लव स्टोरी
अमिताभ और जया की शादी 1973 में हो गई थी। इसके कुछ सालों बाद ही अमिताभ और रेखा के अफेयर की ख़बरें सुर्खियों में आने लगीं। कहा जाता है कि 1976 में फ़िल्म ‘दो अनजाने’ की शूटिंग के वक्त अमिताभ और रेखा करीब आए थे। 1981 में यश चोपड़ा ने जया-अमिताभ और रेखा के रिश्ते को लेकर ही फ़िल्म ‘सिलसिला’ बनाई। इस फ़िल्म में ही अमिताभ-रेखा आखिरी बार साथ दिखे थे।

दिल्ली के बिजनेसमैन मुकेश से की शादी
1990 में रेखा की शादी दिल्ली बेस्ड बिजनेसमैन मुकेश अग्रवाल से हुई थी, जिन्होंने सालभर के अंदर सुसाइड कर लिया था। बताते हैं कि शादी के कुछ दिनों बाद ही रेखा और मुकेश के बीच दूरियां आ गई थी। रेखा, मुकेश को छोड़कर मुंबई आ गई थीं। मुकेश भी रेखा के पीछे-पीछे मुंबई आ गए थे। फिर एक दिन मुकेश ने अपने फ्लैट में पंखे से लटककर फांसी लगा ली।

चौंकाने वाला था अक्षय से उनकी नजदीकी की ख़बरें
यह 90 के दशक के मध्य की बात है, जब रेखा का नाम अक्षय कुमार के साथ जोड़ा गया। दरअसल, दोनों ‘खिलाडियों के खिलाड़ी’ फ़िल्म में साथ नज़र आये थे और तभी उन दोनों के नजदीकी की चर्चा शुरू हुई थी। अक्षय कुमार और रेखा के बीच के इस संबंध के बारे में ज्यादा कुछ बाहर निकल कर नहीं आया।

बहरहाल, रिलेशनशिप से इतर अगर बात करें तो इसमें किसी को संदेह नहीं कि रेखा एक ज़बरदस्त अभिनेत्री हैं। आज भी उनका जादू उनके चाहने वालों के सिर चढ़ कर बोलता है।

SI News Today

Leave a Reply