Friday, April 19, 2024
featuredदेश

मार्शल आर्ट्स के अलावा तलवारबाजी भी जानते हैं राहुल: कोच

SI News Today

कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इन दिनों ऑनलाइन और ऑफलाइन काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं। 26 अक्टूबर को पीएचडी एनुअल अवॉर्ड फॉर एक्सीलेंस कार्यक्रम में शामिल हुए राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें स्पोर्ट्स में काफी रूची है। यहां मंच से जब वो लोगों को संबोधित कर रहे थे तब भारतीय मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने उनसे पूछा कि राजनेता स्पोर्ट्स में रूची क्यों नहीं लेते? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि वो इस लिस्ट में शामिल नहीं हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने आगे कहा, ‘मैं व्यायाम करता हूं, दौड़ता हूं, स्वीमिंग करता हूं। मैं जापानी मार्शल आर्ट्स में ब्लैक बेल्ट भी हूं। मैं खेलता हूं लेकिन सार्वजनिक मंच से इसके बारे में बात नहीं करता।

अब राहुल गांधी के मार्शल आर्ट्स कोच सेंसेई परितोस कर ने इंडिया टुडे से उनके बारे में बात की है। बातचीत में उन्होंने कहा, ‘मैं राहुल गांधी से साल 2009 में मिला। तब से ही हम दोनों लगातार अभ्यास कर रहे हैं। हालांकि पिछले तीन महीने से हमने अभ्यास नहीं किया है। लेकिन इसके अलावा हम नियमित अभ्यास करते रहे हैं। राहुल तुगलक लेन स्थित हाउस में अपने अन्य दो दोस्तों के साथ ही भी अभ्यास करते हैं।’ उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी मां और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा भी उनका अभ्यास देखने आते रहे हैं।

साल 2013 में मार्शल आर्ट्स के मास्टर जापान से भारत आए। इस दौरान राहुल एक प्रतियोगिता के लिए उपस्थित हुए जिसमें मास्टर ने उन्हें सफल घोषित किया। इस दौरान उन्हें ब्लैक बेल्ट से सम्मानित भी किया गया। सेंसेई परितोस कर आगे कहते हैं कि राहुल गांधी जापान भी जा चुके हैं। जहां दस दिनों के लिए मार्शल आर्ट्स कोच के साथ रुके। राहुल गांधी ने लंदन से ब्राजीलियन मार्शल आर्ट्स सीखा है। वो तलवारबाजी भी जानते हैं।

गौरतलब है कि विजेंदर ने राहुल गांधी की शादी से जुड़ा सवाल भी पूछा था। उन्होंने पूछा कि मैं और मेरी वाइफ हमेशा बातें करते हैं कि राहुल भैया कब शादी करेंगे?” इस सवाल पर राहुल गांधी ने जवाब दिया था कि वो डेस्टिनी (भाग्य) में भरोसा करते हैं। जब होगी तब होगी।

SI News Today

Leave a Reply