Friday, March 29, 2024
featuredदेश

उमा भारती ने कहा कि शिवराज चौहान के बयान ने एक नई बहस छेड़ी…

SI News Today

केन्द्रीय मंत्री उमा भारती ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रदेश की सड़कों के बारे में दिए गए बहुर्चिचत बयान का दृढ़ता से समर्थन करते हुए कहा कि हमारे देश और प्रदेश में कई चीजें अमेरिका से बेहतर हैं, इसलिए लोगों को अपनी सोच (माइंडसेट) बदलने की आवश्यकता है। भारती ने मंगलवार को अपने निवास पर मीडिया के साथ चर्चा में कहा, ‘‘निश्चित तौर पर मध्यप्रदेश में भोपाल की वीआईपी रोड सहित और भी सड़कें बेहतर हैं और विश्व स्तरीय हैं। हमें इस हीनभाव से बाहर निकलना चाहिए कि अमेरिका, भारत से अच्छा है। बल्कि कई मामलों में हम अमेरिका से बेहतर हैं। इसलिए लोगों को अपनी सोच बदलने की जरूरत है।’’

केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि 25 साल पहले उन्होंने अमरकंटक से सन्यास ग्रहण किया और इसी कारण वह नर्मदा नदी के पवित्र उद्गम स्थल पर नमन करने जा रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘रामेश्वरम मंदिरों की वास्तुकला, अजंता एलोरा, खजुराहो और गंगा नदी जैसे देश में कई उदाहरण हैं, जिसमें भारत अमेरिका से आगे है। मानवता सहित अनेक क्षेत्रों में भारत विश्व में सबसे आगे है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित तौर पर मध्यप्रदेश में कई सड़कें अमेरिका से अच्छी हैं और चौहान ने निर्भिकता से इस बात को अमेरिका में कहा।’’ भारती ने कहा कि चौहान के बयान ने एक नई बहस छेड़ दी है। लोगों को अपनी सोच बदलने की जरूरत है। विशेषकर अंग्रेजी बोलने वाले लोगों को, जो हर मामले में पश्चिमी देशों को भारत से बेहतर मानते हैं।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि चौहान के इस बयान पर सोशल मीडिया में जो प्रतिक्रिया हुई और लोगों ने इसका मजाक भी उड़ाया। इससे उन्हें दुख पहुंचा और सच्चे देशभक्त के तौर पर वह मीडिया के बीच आकर चौहान के बयान का समर्थन करते हुए कहना चाहती हैं कि हमारा देश कई मामलों में विदेशी मुल्कों से बेहतर है। मालूम हो कि वर्ष 2005-06 में भाजपा द्वारा उमा भारती को मुख्यमंत्री पद नहीं देने के निर्णय के बाद चौहान और उमा भारती के बीच संबंध कटु हो गए थे और इसके बाद उमा भारती ने भाजपा के समानांतर एक नए राजनीतिक दल का गठन किया था।

SI News Today

Leave a Reply