Friday, April 26, 2024
featuredदिल्ली

T20 में रोहित और धवन की जोड़ी ने बनाए तीन बड़े रिकॉर्ड, जानिए…

SI News Today

दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में खेले गए पहले टी20 मैच में भारत ने न्यू जीलैंड को 53 रनों से मात दे दी। टी20 क्रिकेट में पहली बार टीम इंडिया ने किवी टीम को शिकस्त दी। इससे पहले भारत लगातार 5 बार न्यूजीलैंड से टी20 में हार चुका है। विराट एंड कंपनी की जीत में ओपनर रोहित शर्मा और शिखर धवन का सबसे ज्यादा योगदान रहा। इस जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 158 रनों की साझेदारी की। इसी की बदौलत भारत ने मेहमान टीम के सामने 203 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य खड़ा किया। लेकिन इसी के साथ उन्होंने तीन अहम रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए। बात करते हैं इन्हीं के बारे में…

गंभीर-सहवाग को छोड़ा पीछे: भारत की ओर से टी20 में सबसे बड़ी साझेदारी के रिकॉर्ड को रोहित शर्मा-शिखर धवन की जोड़ी ने तोड़ डाला है। यह रिकॉर्ड पहले गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग के नाम था। दोनों ने पहले विकेट के लिए 136 रनों की साझेदारी की थी।

एक जैसा रिकॉर्ड बनाकर हुए आउट: धवन और रोहित तीसरी एेसी जोड़ी है, जो टी20 में एक जैसा रिकॉर्ड बनाकर आउट हुई। दोनों बल्लेबाजों ने 80-80 रन बनाए थे। इससे पहले पाकिस्तान के शारजील खान और लतीफ ने साल 2016 में 59-59 रन बनाए थे। उससे पहले कामरान अकमल और सलमान बट की जोड़ी ने 2010 में 73-73 रनों की पारी खेली थी।

टी20 में तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी: 158 रनों की यह पार्टनरशिप टी20 में तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। साथ ही भारत की ओर से 150 रनों की पहली। इस मामले में पहले नंबर पर न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल और केन विलियमसन हैं, जिन्होंने 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ हेमिल्टन में 171 रनों की नाबाद साझेदारी की थी। दूसरे नंबर पर ग्रीम स्मिथ और लूट्स बोसमैन हैं, जिनके नाम 170 रनों की साझेदारी है।

SI News Today

Leave a Reply