Monday, March 25, 2024
featuredउत्तर प्रदेशलखनऊ

योगी आदित्यनाथ 14 को अयोध्या से शुरू करेंगे प्रचार अभियान…

SI News Today

लखनऊ: मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद अब योगी आदित्यनाथ से सामने निकाय चुनाव एक तगड़ी चुनौती हैं। इसको वह बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निकाय चुनाव में प्रचार की कमान अपने हाथ में रखे हैं। वह हर नगर निगम में इस बार एक-एक जनसभा करेंगे।

योगी आदित्यनाथ प्रचार अभियान की शुरुआत पहली बार नगर निगम बने अयोध्या के साथ करेंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ 14 नवंबर को अयोध्या से निकाय चुनाव के प्रचार अभियान का आगाज करेंगे। उनका प्रदेश के हर नगर निगम में एक रैली करने का कार्यक्रम है। सीएम योगी आदित्यनाथ छोटी दीवाली पर भी अयोध्या गए थे।

अयोध्या को प्रदेश तथा देश की राजनीति के केंद्र बिन्दु में एक बार फिर लाते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्थानीय निकायों के चुनाव का प्रचार अभियान शुरू करेंगे।

शहरी स्थानीय निकाय चुनाव राज्य में सत्ताधारी भाजपा की पहली परीक्षा हैं। इसके लिए विपक्षी दलों ने भी कमर कर ली है। विधानसभा चुनाव में इस बार भारतीय जनता पार्टी दमदार प्रदर्शन कर चुकी है। इसी प्रदर्शन को दोहराने का दबाव पार्टी पर रहेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने यह एक बड़ी चुनौती है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि के अनुसार निकाय चुनावों में ङ्क्षहदुत्व और विकास ही भाजपा का मुद्दा होगा। यही वजह है कि मुख्यमंत्री निकाय चुनावों के प्रचार अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को अयोध्या से करेंगे। अभियान शुरू करने के पहले वह रामलला के दर्शन भी कर सकते हैं। अयोध्या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा के लिए हिंदुत्व की प्रयोगशाला रही है। भाजपा को इस मुकाम तक पहुंचाने का श्रेय बहुत कुछ अयोध्या को ही जाता है। जब पार्टी ने अयोध्या और राम मंदिर से दूरी बनाई तो उस पर औरों के साथ विचार परिवार से भी सवाल उठने लगे लेकिन, योगी के मुख्यमंत्री बनने के बाद अयोध्या लगातार सुर्खियों में है। शुरू में यह चर्चा उनकी अयोध्या की नियमित यात्राओं को लेकर रही।

दीवाली के एक दिन पहले वहां भव्य दीपोत्सव के आयोजन के मौके पर वहां मुख्यमंत्री समेत लगभग पूरी सरकार ही उपस्थित थी। इस दौरान अयोध्या सिर्फ हिंदुत्व के नाते ही चर्चा में न रहे मुख्यमंत्री ने अयोध्या के विकास पर भी खासा जोर दिया। इसके लिए 135 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की घोषणा हुई। अयोध्या बाई पास और पुरानी सड़क के बीच देशी-विदेशी पर्यटकों का आकर्षण बढ़ाने के लिए नव्य अयोध्या बसाने का भी प्रस्ताव है।

अयोध्या से चुनाव प्रचार शुरू कर योगी इसका संकेत देंगे। वैसे भी अयोध्या पहली बार मेयर का चुनाव हो रहा है। लिहाजा वहां के चुनाव संघ और भाजपा के लिए खास हैं। 14 नवंबर को ही मुख्यमंत्री गोंडा और बहराइच में भी रैलियां करेंगे।

15 नवंबर को वह निकाय चुनाव के प्रचार के लिए कानपुर में होंगे। योगी प्रचार के लिए सभी 16 नगर निगमों में जाएंगे। इस दौरान उनकी दो दर्जन से अधिक जगहों पर सभाएं प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री 10 को बलरामपुर और 11 को सोनभद्र जाएंगे। वहां वह अनपरा पावर प्लांट का निरीक्षण भी करेंगे।

अयोध्या दौरे पर छोटी दीपावली के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या उनकी निजी आस्था है और विपक्षी दलों को इस बारे में सवाल उठाने का अधिकार नहीं है। अयोध्या उनकी निजी आस्था है और अयोध्या का विकास करना उनका कर्तव्य है। मुख्यमंत्री ने उस समय अयोध्या को संपूर्ण स्वच्छ बनाने के निर्देश भी दिए थे।

SI News Today

Leave a Reply