Thursday, April 25, 2024
featuredदुनिया

69 की उम्र में 9वीं बार शादी की तैयारी में था शख्स, अचानक हुआ ऐसा…

SI News Today

ब्रिटेन में 69 साल का एक शख्स शादी के लिए बेताब था। पहली, दूसरी या तीसरी नहीं बल्कि नौवीं बार। वह अपनी गर्लफ्रेंड को दुल्हन बनाने के ख्वाब मन ही मन संजो रहा था। लेकिन ऐन मौके पर वह उन्हें धोखा देकर भाग निकली, वह भी किसी और के लिए। ऐसे में शख्स ने पुलिस के पास उसकी शिकायत दी है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है। यहां समरसेट के योविल में रहने वाले रॉन शेफर्ड (69) रहते हैं। वह अब तक आठ बार शादियां रचा चुके हैं, जिनमें से एक भी सफल नहीं रही।

अगर सब कुछ ठीक रहता, तो वह नौवीं शादी भी कर लेते। मगर किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। हुआ यूं कि कुछ दिनों पहले उनकी मुलाकात 28 साल की क्रिस्टेल लैलेक से हुई थी। वह उसी के साथ अपनी बची जिंदगी बिताने के बारे में सोच रहे थे। लेकिन उनके ये सारे सपने तहस-नहस हो गए। वह इसलिए क्योंकि क्रिस्टेल अपना सारा सामान लेकर रफूचक्कर हो चुकी थी।

शेफर्ड का दावा है कि उनकी नौवीं गर्लफ्रेंड का किसी और के साथ चक्कर था। उन्होंने इस बाबत इमिग्रेशन पुलिस को सूचना दी, क्योंकि वह ब्रिटेन में अवैध तरीके से रह सकती है। डेली मिरर को उन्होंने बताया, “हमारे बीच प्यार जैसा कुछ नहीं था। उसने कहा था कि वह ईसाई धर्म को मानती है और शादी से पहले संबंध बनाने में यकीन नहीं रखती। मैंने भी उसकी भावनाओं की कद्र की। उम्मीद जताई कि वह शादी करेगी और मेरा ख्याल रखेगी। मगर वह मुझसे और दूर हो गई।”

गायब होने से पहले गर्लफ्रेंड ने उनकी दी हुई अंगूठी खो दी थी। शेफर्ड को इसी घटना के बाद से उस पर शक होने लगा था। इतना ही नहीं, वह इस दौरान दोस्त बनाने लगी थी और उनके साथ बाहर जाती थी। शेफर्ड ने 1966 में मार्गरेट नाम की महिला से पहली शादी की थी, जिससे उन्हें तीन बच्चे हुए थे। दो साल बाद दोनों का तलाक हुआ था।

SI News Today

Leave a Reply