इन दिनों स्टार किड आदित्य नारायण कलर्स पर शुरू हुए नए शो ‘एंटरटेनमेंट की रात’ से काफी सुर्खियां बटोर रहे हैं। इस शो के फॉर्मेट में रैप का मुकाबला भी रखा गया है, जिसमें आदित्य नारायण और उनके साथ एक नया गेस्ट नजर आता है। आपको याद होगा कुछ दिन पहले आदित्य किसी और वजह से चर्चा का विषय बन गए थे। यह वाकया तब का है जब आदित्य रायपुर से मुंबई जा रहे थे। एयरपोर्ट पर इंडिगो के एयरलाइन अधिकारी पर झल्लाने लगे। नौबत अपशब्दों के इस्तेमाल की आ पहुंची। उन्होंने स्टाफ को धमकी दे डाली कि वह उन्हें मुंबई में देख लेंगे। बोले- तेरी चड्ढी न उतारी तो मेरा नाम भी आदित्य नारायण नहीं। आपको बता दें कि यह आदित्य का ऐसा पहला मामला नहीं था जब उनका बिगड़ैल रवैया देखने को मिला हो। इससे पहले आदित्य पर भद्दे कमेंट्स करने का आरोप लगाकर एक लड़की ने उन्हें सबके सामने थप्पड़ जड़ दिया था। आइए बताते हैं आखिर क्या था पूरा मामला।
स्टार किड्स के बारे में आपने कई बार सुना होगा। लाइफ स्टाइल, पर्सनल जिंदगी और बहुत कुछ। लेकिन कई बार वे आउट ऑफ कंट्रोल हो जाते हैं। अपने बिगड़ैल रवैये से वे न केवल सवालों के घेरे में आते हैं। बल्कि मां-बाप को भी शर्मिंदा होने पर मजबूर करते हैं। मशहूर गायक उदित नारायण के बेटे आदित्य नारायण के साथ ऐसा ही कुछ मामला साल 2011 में और फिर 2017 में देखने को मिला।
साल 2011 में एक लड़की ने आदित्य नारायण पर भद्दे कमेंट करने का आरोप लगाते हुए थप्पड़ मार दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक आदित्य नारायण अपने दोस्त के साथ एक पब में पहुंचे थे। जहां उन्होंने काफी नशा कर लिया था। इसी दौरान आदित्य नशे की हालत में एक लड़की के साथ बदतमीजी करने लगे। यहां तक कि उस लड़की पर गिर भी गए थे। इसके बाद उस लड़की ने आदित्य को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया था।
बताया जाता है कि इस वाकया के दौरान आदित्य के साथ उनकी गर्लफ्रेंड भी मौजूद थीं। हालांकि बाद में आदित्य नारायण ने पब में जाने की बात कबूली थी लेकिन किसी लड़की के थप्पड़ मारे जाने की बात से साफ इनकार कर दिया था।