Sunday, March 24, 2024
featuredदुनिया

पत्‍नी बगल में बैठी थी, पति पर लगा यौन शोषण का आरोप: अमेरिका

SI News Today

अमेरिका में बॉलीवुड अभिनेत्री जायरा वसीम के साथ विमान में छेड़छाड़ जैसी घटना सामने आई है। अमेरिकी फ्लाइट में भारतीय पर एक 22 साल की सहयात्री ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। सुरक्षा एजेंसियों ने विमान लैंड करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वह अस्‍थाई वीजा पर अमेरिका आया था। वह एक आईटी कंपनी में प्रोजेक्‍ट मैनेजर के तौर पर काम करता है। घटना के वक्‍त उसकी पत्‍नी भी बगल की सीट पर बैठी थीं। शिकायत के बाद आरोपी भारतीय नागरिक के खिलाफ आपराधिक मामलों के तहत केस दर्ज किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना बुधवार (3 जनवरी) की है। आरोपी प्रभु राममूर्ति पत्‍नी के साथ स्पिरिट एयरलाइंस की विमान से लास वेगास से डेट्रॉयट जा रहा था। लोक अभियोजक अमांडा जवाद ने बताया कि आरोपी के एक तरफ उसकी पत्‍नी और दूसरी तरफ युवती बैठी हुई थी। पुलिस में दी गई शिकायत में बताया गया है कि उसके नींद में होने पर आरोपी ने अश्‍लील हरकत की थी। युवती की नींद खुलने के बाद कहीं जाकर उसने अपनी हरकत बंद की थी। फ्लाइट अटेंडेंट ने जांच अधिकारियों को बताया कि विमान के लैंड करने से तकरीबन 40 मिनट पहले सुबह 5:30 बजे युवती ने यौन शोषण की जानकारी दी थी। इसके बाद उन्‍हें अलग सीट मुहैया कराई गई थी। वह बहुत रो रही थी। इस दौरान राममूर्ति की पत्‍नी यह जानने के लिए विमान के पिछले हिस्‍से में गई थी कि वहां क्‍या चल रहा है। लैंडिंग के तुरंत बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे गुरुवार (4 जनवरी) को मिशिगन की अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

राममूर्ति ने अपने बचाव में अदालत को बताया कि दवाई लेने की वजह से वह गहरी नींद में था। इसलिए उसे कुछ भी नहीं मालूम। जांच में पता चला कि उसने दर्द निवारक टाइलेनॉल दवा ली थी। अमांडा जवाद ने राममूर्ति द्वारा लगातार बयान बदलने की भी बात कही है। जज आर. स्‍टीवन व्‍हालेन ने इसे विचित्र मामला मानते हुए आरोपी को हिरासत में रखने का फैसला सुनाया। इस मामले पर जल्‍द ही आगे की सुनवाई शुरू होगी। स्पिरिट एयरलाइंस के प्रवक्‍ता स्‍टीफन शुलर ने इस मामले में जांच एजेंसी का सहयोग करने की बात कही है।

SI News Today

Leave a Reply