मध्य प्रदेश में शनिवार को महिला टीचरों ने विरोध का नया तरीका अपनाया। राजधानी भोपाल में टीचरों ने अपने सिर मुंडवाए। ऐसा उन्होंने अध्यापक अधिकार यात्रा में प्रदर्शन के दौरान किया। महिला टीचरों ने सिर मुंडवा कर राज्य सरकार का ध्यान अपनी ओर खींचने का प्रयास किया है। टीचरों की मांग है कि समान काम के लिए उन्हें समान वेतन दिया जाना चाहिए। टीचर्स इसी के साथ उचित ट्रांसफर पॉलिसी की मांग भी उठा रहे हैं। राजधानी में हुए इस विरोध प्रदर्शन से पहले शुक्रवार को यह यात्रा विदिशा पहुंची थी।
शहर के मुख्य रास्तों से इस दौरान विरोध करते हुए टीचर्स ने रैली निकाली थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भोपाल के जंबूरी मैदान में विरोध प्रदर्शन के दौरान हजारों की संख्या में टीचर्स एकजुट हुए थे। अधिकार यात्रा सुबह नौ बजे से विदिशा से भोपाल पहुंची थी। यहां तकरीबन 50 से अधिक महिला टीचर्स ने अपने सिर मुंडवाए।