Friday, April 19, 2024
featuredदेश

सुरेश रैना, भज्‍जी से लेकर कैफ तक ने भारतीय सेना को यूं किया सलाम….

SI News Today

देश के लिए सेवा करते हुए आज यानि सोमवार को भारतीय सेना को 70 साल हो गए हैं। 15 जनवरी का दिन भारतीय सेना दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस के मौके पर भारतीय खिलाड़ियों ने सेना के जवानों को शुक्रिया कहा और उन्हें शुभकामनाएं भी दीं। भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैन, हरभजन सिंह और पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने अपने ही तरीके से भारतीय सेना को सलाम किया। मोहम्मद कैफ ने अपने ट्विटर अकाउंट पर सेना को सलाम करते हुए बहुत ही भावुक संदेश ट्वीट किया। कैफ ने लिखा “हमारा झंडा हवा के कारण नहीं उड़ता है बल्कि यह उन जवानों के कारण उड़ता है जो कि अपनी आखिरी सांस तक इसकी रक्षा करने के लिए शहीद हो जाते हैं। सेना दिवस पर भारतीय सेना को सलाम। देश के लिए उनकी लगन और निस्वार्थ सेवा दुनिया के लिए प्रेरणा है।”

कैफ के अलावा हमेशा अपने मजाकिया अंदाज के लिए मशहूर क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी भारतीय सेना को शुक्रिया कहा। हरभजन ने लिखा “हमारे सभी बहादुर सैनिक भाइयों को हर चीज के लिए शुक्रिया। मैं आपको सलाम करता हूं, भारतीय सेना जिंदाबाद, भारतीय फौजी जिंदाबाद, हिन्दुस्तान जिंदाबाद, जय भारत।” वहीं भारतीय सैनिकों के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए सुरेश रैना ने ट्विटर पर लिखा “प्रत्येक सैनिक के लिए सम्मान और मेरा सलाम, जो कि अपना आज हमारे कल के लिए खतरे में डालते हैं। वे सरहद की रक्षा करते हैं और हर समय हमारी रक्षा करने के लिए दुश्मन का सामना करते हैं। आप सभी का शुक्रिया।”

सेना दिवस के मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र सिंह मोदी ने भी जवानों और अधिकारियों को ढेर सारी बधाई दीं। राष्ट्रपति के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से पोस्ट किया गया, ‘‘सेना दिवस के मौके पर, भारतीय सेना के बहादुर पुरुषों और महिलाओं, सेवानिवृत्त सैनिकों और सेना की वर्दी पहनने वाले प्रत्येक कर्मी के परिवार को शुभकामनायें। आप हमारे देश का गौरव हैं, हमारी आजादी के रखवाले हैं। यह जानकर कि आप हमेशा जाग रहे हैं और सदैव सतर्क हैं, नागरिक सुरक्षित नींद लेते हैं- राष्ट्रपति कोंविंद।’’

प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा ‘‘सेना दिवस पर, मैं सैनिकों, सेवानिवृत्त सैनिकों और उनके परिवारों को शुभकामनायें देता हूं। भारत के प्रत्येक नागरिक को हमारी सेना पर दृढ़ विश्वास और गर्व है जो राष्ट्र की सुरक्षा करते हैं और प्राकृतिक आपदाओं और अन्य दुर्घटनाओं के वक्त मानवीय सहायता देने के प्रयासों के लिए अग्रसर रहते हैं। हमारी सेना हमेशा देश को पहले रखती है। मैं उन सभी महान सैनिकों को सलाम करता हूं जिन्होंने राष्ट्र की सेवा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया है। भारत अपने शूरवीरों को कभी नहीं भूलेगा।’’

SI News Today

Leave a Reply