Saturday, April 20, 2024
featuredउत्तर प्रदेश

यूपी: फतेहपुर में छेड़खानी से परेशान लड़की ने लगाई फांसी…

SI News Today

देश में महिलाओं के प्रति अपराध की घटनाओं में दिन-प्रतिदिन इजाफा होता जा रहा है लेकिन इन्हें रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के फतेहपुर और बदायूं जिले का है। दोनों जिले की अलग-अलग घटनाओं में जहां एक तरफ नाबालिग लड़की ने छेड़खानी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली तो वहीं दूसरी जगह आरोपियों ने एक गर्भवती महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया। पहला मामला फतेहपुर जिले के जहानाबाद कस्बे का है। दो युवक नाबालिग लड़की को काफी समय से परेशान कर रहे थे।

इस मामले पर पुलिस अधीक्षक श्रीपर्णा गांगुली ने जानाकारी देते हुए बताया कि पीड़ित लड़की के पिता ने कस्बे के ही दो लड़कों के खिलाफ छेड़खानी का केस दर्ज कराया। पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज की गई शिकायत के अनुसार, लड़कों के डर से लड़की ने दो साल पहले अपनी पढ़ाई बंद कर दी थी। इसके बाद भी आरोपियों ने छेड़खानी का सिलसिला जारी रखा। दो दिन पहले लड़की घर से बाहर शौच के लिए गई थी, जहां दोनों ने उसके साथ बलात्कार करने की कोशिश की थी। पुलिस में शिकायत दर्ज करा और मेडिकल टेस्ट कराने के बाद पीड़िता घर पहुंची और उसने फांसी का फंदा लगाकर आत्माहत्या कर ली। एसपी ने बताया कि पीड़िता के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

वहीं दूसरे मामले में बदायूं के उझानी कोतवाली क्षेत्र के कछला में एक गर्भवती महिला के साथ कुछ लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। परिजन की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंदप्रकाश ने बताया कि कल सुबह करीब पांच बजे शौच के गई एक गर्भवती महिला के साथ कुछ लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला जब काफी देर तक घर नहीं लौटी, तो परिजन ने खोजबीन शुरू की। महिला बेहोश अवस्था में जंगल में मिली। परिजन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया। एसएसपी ने बताया कि महिला को बरेली स्थित अस्पताल में भेजा गया है जहां अब उसकी हालत खतरे से बाहर है। आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

SI News Today

Leave a Reply