Thursday, April 25, 2024
featuredदिल्ली

दिल्ली: कमल के थीम पर बनी है BJP की नई बिल्डिंग, जानिए खासियत…

SI News Today

दिल्ली: भाजपा का पता बदल गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पार्टी के नए मुख्यालय का उद्घाटन किया। पार्टी का यह नया कार्यालय 6 दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर बना है। लाल पत्थरों से तैयार की गई, इसे बनाने में 18 महीने का समय लगा। इस भवन में सभी आधुनिक सुविधाएं हैं। यह देश के किसी पार्टी का सबसे हाई-टेक दफ्तर है। अध्यक्ष अमित शाह ने दावा किया कि नया मुख्यालय दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का सबसे बड़ा दफ्तर है।

पीएम मोदी ने रिकॉर्ड समय में मुख्यालय के निर्माण के लिए अमित शाह और उनकी टीम को बधाई दी। मोदी ने कहा कि आज श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय की आत्मा को संतुष्टि मिल रही होगी। उन्होंने जिस बीज को बोया था, आज वह वट वृक्ष हो गया है। भाजपा 100% लोकतांत्रिक पार्टी है। यहां निर्णय लेने से लेकर उसे लागू करने में लोकतंत्र है। हमारी पार्टी देशभक्ति के रंग से रंगी है। भारत की सीमाएं ही हमारे कार्यालय की सीमाएं हैं। यह भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं का कार्यालय है।

पार्टी अध्यक्ष का ऑफिस तीसरी मंजिल पर
भाजपा के नए मुख्यालय के ग्राउंड फ्लोर पर भाजपा और जनसंघ से जुड़े महापुरुषों की प्रतिमा लगाई गई है। ग्राउंड फ्लोर पर ही आठ प्रवक्ताओं के लिए कमरे बनाए गए हैं। अध्यक्ष का दफ्तर बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर है। दूसरी मंजिल पर पार्टी के महासचिव, सचिव, उपाध्यक्षों के कमरे हैं। वक्ताओं के लिए भी अलग-अलग रूम बनाए गए हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल भी ग्राउंड फ्लोर पर बनाया गया है, जिसमें नियमित ब्रीफिंग होगी।

भाजपा लुटियंस छोड़ने वाली पहली पार्टी
अब तक भाजपा का मुख्यालय 11 अशोक रोड पर है। बताया जा रहा है कि भाजपा अशोक रोड के मौजूदा कार्यालय वाली जगह सरकार को वापस कर देगी। यह जगह सरकार की ओर से भाजपा को कार्यालय चलाने के लिए दी गई थी। भाजपा पहली राष्ट्रीय पार्टी है जो लुटियंस जोन के बाहर अपना दफ्तर शिफ्ट कर रही है। सुप्रीम कोर्ट भी कह चुका है कि राजनीतिक पार्टियों के दफ्तर लुटियंस जोन से बाहर होने चाहिए।

कमल के थीम पर बनी है बिल्डिंग
– पार्टी मुख्यालय में तीन ब्लॉक हैं। मुख्य इमारत सात मंजिला है।
– बाकी दोनों इमारतें तीन-तीन मंजिल की हैं। वाई-फाई से लैस हैं।
– इमारत में सोलर पैनल और बॉयो टॉयलेट भी बनाए गए हैं।
– 200 कारों के लिए अंडरग्राउंड पार्किंग की व्यवस्था है।
– नई बिल्डिंग भाजपा चुनाव चिह्न कमल की थीम पर बनी है।
– परिसर में कुल तीन बिल्डिंग हैं। यहां लाइब्रेरी, रिसर्च रूम भी है।
– इमारत में बारिश के पानी को बचाने की भी तकनीक है।
– इसमें चुनावी वॉर रूम भी है।

SI News Today

Leave a Reply