Friday, March 29, 2024
featured

युवराज सिंह के इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं रोहित शर्मा, जानिए पूरी रिपोर्ट…

SI News Today

भारतीय क्रिकेट टीम मंगलवार को आर. प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ ट्राई सीरीज का पहला मैच खेलेगी। इस सीरीज में भारतीय टीम के ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा कप्तानी करते नजर आएंगे। दक्षिण अफ्रीका दौरे को भुलाकर रोहित यहां एक नई शुरुआत करने की कोशिश करेंगे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रोहित बल्ले से कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। ऐसे में श्रीलंका में फैंस को उनसे काफी उम्मीदें होंगी। दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले जब श्रीलंका की टीम भारत दौरे पर आई थी तो रोहित ने वनडे और टी-20 में शानदार प्रदर्शन किया था।

उन्होंने वनडे में जहां दोहरा शतक लगाया तो वहीं टी-20 में भी 35 गेंदों पर विस्फोटक शतक जड़ा था। पहले टी20 मुकाबले में रोहित के पास एक खास रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। रोहित शर्मा अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और चौकों से ज्यादा छक्के लगाने में विश्वास रखते हैं। टी-20 के 74 मैचों के 67 पारियों में रोहित के नाम 69 छक्के दर्ज हैं। वह छक्के लगाने के मामले में इस समय भारतीय बल्लेबाजों में दूसरे स्थान पर मौजूद हैं।

इस लिस्ट में रोहित शर्मा से आगे युवराज सिंह का नाम है। युवराज सिंह ने 58 मैचों की 51 पारियों में 74 छक्के मारे हैं। अगर रोहित शर्मा श्रीलंका के खिलाफ 6 छक्के लगाने में कामयाब रहते हैं तो वह युवी का रिकॉर्ड तोड़ आगे निकल जाएंगे और टी-20 इंटरनैशनल में इतने छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। रोहित शर्मा का रिकॉर्ड श्रीलंका के खिलाफ शानदार रहा है।

रोहित इस सीरीज में भी अपने रिकॉर्ड को बरकरार रखना चाहेंगे। रोहित के अलावा ऋषभ पंत्त भी इस मौके को भुनाने की कोशिश करेंगे। वहीं विजय शंकर, दीपक हुडा और मोहम्मद सिराज की कोशिश भी आईपीएल से पहले एक बेहतर शुरुआत की होगी। इस सीरीज पर टीम के साथ कई युवा खिलाड़ियों को जोड़ा गया है, ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि रोहित प्लेइंग इलेवन में किन खिलाड़ियों का चयन करते हैं।

SI News Today

Leave a Reply