Friday, March 29, 2024
featured

जासूसी करवाने में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के वकील हुए गिरफ्तार, जानिए मामला…

SI News Today

बॉलीवुड एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी के वकील रिजवान सिद्दीकी को शुक्रवार (16 मार्च) रात गिरफ्तार किया गया है। उनका फोन और लैपटॉप भी जब्त कर लिया गया है। जासूसी करवाने के आरोप में उनके खिलाफ यह कार्रवाई हुई है। दावा किया जा रहा है कि रिजवान ने एक जासूस को कॉल डेटा रिकॉर्ड्स (सीडीआर) निकलवाने के लिए 50 हजार रुपए दिए थे। मुंबई में ठाणे क्राइम ब्रांच सूत्रों का कहना है कि जासूस प्रशांत पालेकर ने कहा है कि रिजवान ने उन्हें यह रकम सीडीआर निकलवाने के बदले दी थी।

पालेकर बीते जनवरी में गिरफ्तार किया गया था। ऐसे में पुलिस पालेकर के दावे के आधार पर जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस को आशंका है कि यह रकम और भी अधिक हो सकती है। आपको बता दें कि रिजवान मुंबई के नामी वकील माने जाते हैं। नवाजुद्दीन से पहले वह कई मशहूर बॉलीवुड शख्सियतों के वकील रह चुके हैं। ऋतिक रोशन संग विवादित मामले में उन्होंने बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत की तरफ से केस लड़ा था। प्रियंका चोपड़ा के भी वह वकील रहे हैं।

अक्टूबर 2017 में ऋतिक ने कंगना को लेकर कुछ सवालिया निशान खड़े किए थे। एक्ट्रेस ने इस पर खुद जवाब देने के बजाय अपने वकील से प्रतिक्रिया जारी कराई थी। रिजवान ने तब सोशल मीडिया पर सवालों से भरा एक दस्तावेज ऋतिक के सामने रखा था। कहा था, “कंगना को इन जरूरी सवालों के जवाब चाहिए।”

बीते साल पांच अक्टूबर को ऋतिक ने खुद पर लगे आरोपों को लेकर कुछ सवाल किए थे। दावा किया था कि उन्होंने और कंगना ने साथ में काम जरूर किया, मगर वे उनसे अकेले में कभी नहीं मिले। काबिल फेम एक्टर ने इसी के साथ आरोपों की सच्चाई पर प्रश्न किए थे।

बाद में इसी पर रिजवान ने कंगना की ओर से सवालों के तीर ऋतिक पर चलाए थे। वकील ने इसके जरिए उन आरोपों के बारे में सवाल किए थे, जिसमें कंगना के खिलाफ अफवाहें फैलाई थीं। ऋतिक ने यह भी दावा किया था कि एक्ट्रेस की मानसिक हालत ठीक नहीं है। रिजवान ने इसी पर साफ लहजे में रोशन को अपनी बातें साबित करने के लिए ठोस सबूतों की मांग की थी।

SI News Today

Leave a Reply