Friday, March 29, 2024
featuredदेश

कांग्रेस अधिवेशन में नवजोत सिंह सिद्धू ने लूटी महफिल! कही ये बात…

SI News Today

कांग्रेस के 84वें अधिवेशन के आखिरी दिन कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू पूरे रंग में दिखाई दिए। नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने संबोधन के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से माफी मांगी और उनकी जमकर तारीफ की। सिद्धू ने कहा कि ‘आप (मनमोहन सिंह) सरदार भी हैं और असरदार भी हैं।’ डॉ. मनमोहन सिंह के बारे में बोलते हुए नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि ‘मैने गंगा नहा ली सर, आपके चरणों में सिर रखकर। आप सरदार भी हैं और असरदार भी।’ सिद्धू के ऐसा कहते ही पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। वहीं खुद मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी समेत कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता भी सिद्धू की इस बात पर मुस्कुराते हुए नजर आए।

कार्यक्रम के दौरान सिद्धू ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को देश का अगला प्रधानमंत्री तक घोषित कर दिया। सिद्धू ने कहा कि ‘राहुल भाई, कार्यकर्ताओं को समेट लो, अगले साल लाल किले पर झंडा आप ही फहराओगे।’ बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू जब भाजपा में थे, तब कई बार उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की आलोचना की थी और उन्हें कमजोर प्रधानमंत्री करार दिया था। यही वजह रही कि आज कांग्रेस महाधिवेशन के दौरान सिद्धू ने मनमोहन सिंह से माफी मांगी और उन्हें असरदार सरदार बताया।

सिद्धू ने कहा कि वह राहुल गांधी नहीं बल्कि प्रियंका गांधी के आग्रह पर कांग्रेस में शामिल हुए थे। सिद्धू ने कहा कि मैं प्रियंका गांधी की बहुत इज्जत करता हूं। हालांकि मैं उनसे सिर्फ एक बार मिला हूं, लेकिन मुझे विश्वास है कि देश को बदलने की वह एक उम्मीद हैं। सिद्धू ने कहा कि उनके माता-पिता कांग्रेसी थे और कांग्रेस में आना उनके लिए घर-वापसी जैसा है। नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि वह लाल किले पर राहुल गांधी द्वारा झंडा फहराने के लिए कुछ भी करने के तैयार हैं। सिद्धू ने कहा कि वह आज कसम खाते हैं कि वह तब तक शांति से नहीं बैठेंगे, जब राहुल गांधी लाल किले पर तिरंगा नहीं लहरा देते।

SI News Today

Leave a Reply