Tuesday, April 16, 2024
featuredबिहार

बिहार में एक युवक ने शोभायात्रा के दौरान सरेआम तमंचा लहराया

SI News Today

बिहार के मधेपुरा में एक शोभा यात्रा के दौरान खुलेआम तमंचा लहराया गया। दरअसल मधेपुरा के बिहारीगंज में यह शोभायात्रा निकाली गई थी। इस शोभायात्रा में पूर्व मंत्री रेणु कुमारी कुशवाहा और उनके पति एवं भाजपा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी विजय सिंह कुशवाहा भी शामिल थे। शोभायात्रा की जो तस्वीरें अब सामने आईं हैं उसमें साफ नजर आ रहा है कि इस शोभायात्रा में एक युवक सरेआम हाथों में पिस्टल लिए लहरा रहा है।

खास बात यह भी है कि युवक जिस वाहन पर खड़ा होकर यह पिस्टल लहरा रहा था उस वाहन पर खुद भाजपा नेता विजय सिंह कुशवाहा और उनकी पत्नी रेणु कुमारी कुशवाहा भी सवार थी। सरेराह पिस्टल लहराने की तस्वीरें कैमरे में कैद होने के बाद अब कुशवाहा पूरे मामले में सफाई देने में जुटे हैं। शोभायात्रा में पिस्टल लहराने के बारे में जब कुशवाहा से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ‘यह एयरगन है’। भाजपा प्रत्याशी ने आगे सफाई देते हुए कहा कि भीड़ में कोई शख्स वाहन पर चढ़ गया था। उन्होंने आगे कहा कि जब उन्हें इस बार में पता चला तो उन्होंने उस युवक को डांट भी लगाई और एयरगन को घर पर रखने को कहा जिसके बाद वो शख्स गाड़ी से उतर गया।

रामनवमी के मौके पर सोमवार को यहां भव्य शोभायात्रा निकाली गई थी। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए थे। कई लोगों के हाथों में परंपरागत हथियार भी थे। यह शोभा यात्रा मुख्य बाजार के जेनरल हाट हनुमान मंदिर से निकाला गया था। इससे पहले रविवार (25 मार्च) को देश भर में रामनवमी का पर्व मनाया गया था। इस मौके पर कई जगहों पर जुलूस भी निकाले गए थे। बिहार, पश्चिम बंगाल और वडोदरा में अलग-अलग जगहों से जुलूस में सांप्रदायिक झड़प की खबरें भी आई थीं। इन झड़पों में कई लोग और पुलिसकर्मी घायल भी हुए थे।

SI News Today

Leave a Reply