Saturday, April 20, 2024
featuredदुनिया

नाबालिग लड़की के साथ किया जोर-जबरदस्ती, जाने-माने सिंगर आर.केल्ली की बड़ी मुश्किलें

SI News Today

अमेरिका के जाने-माने सिंगर और पूर्व बास्केटबॉल खिलाड़ी आर.केल्ली (51) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आरोप है कि उन्होंने एक नाबालिग लड़की के साथ जोर-जबरदस्ती की है। लड़की जब 14 साल की थी, तब से उन्होंने उसे ‘सेक्स पेट’ बनाकर रखा। केल्ली पर ये गंभीर आरोप उनकी पूर्व गर्लफ्रेंड किट्टी जोंस (34) ने लगाए हैं। ‘आर.केल्लीः सेक्स, गर्ल्स एंड वीडियोटेप्स’ शीर्षक से जारी हुई बीबीसी3 की डॉक्यूमेंट्री में जोंस ने ये खुलासे किए हैं। केल्ली ने साल 2011 में जोंस को डेट किया था। लेकिन दोनों सिर्फ दो साल तक साथ रहे थे। जोंस ने आगे इस बारे में कहा, “उसके (नाबालिग) साथ जबरदस्ती की जाती थी। केल्ली और अन्य के साथ उस पर 10 से अधिक बार शारीरिक संबंध बनाने के लिए जोर डाला जाता था।”

जोंस का यह भी आरोप है, “केल्ली ने 14 साल की उम्र की कुछ लड़कियों को अपनी ट्रेनिंग के बारे में बताया था, जिसमें से पीड़िता भी थी। सिंगर के इस दलदल में कई नाबालिग लड़कियां भी फंसी हैं।”

केल्ली के पुराने दोस्त लवेल्ल जोंस भी उन पर संगीन आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सिंगर अपने पास लड़कियों को रखता था और उनके बड़े होने का इंतजार करता था, ताकि वह उन्हें पार्टी में लोगों के सामने पेश कर सके।

उधर, सिंगर ने खुद पर लगे इन आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने किसी भी प्रकार के गलत काम में शामिल होने से साफ इन्कार किया है। आपको बता दें कि साल 1994 में जब वह 27 साल के थे, तब भी उन पर आरोप लगा था।

दावा किया गया था कि उन्होंने 15 साल की नाबालिग से शादी की, जिसका नाम आलिया बताया गया था। छह साल बाद प्लेन क्रैश हादसे में उसकी मौत हो गई थी। बीबीसी ने आगे इस बारे में जब केल्ली से पूछताछ की, तो उन्होंने कुछ भी बोलने से मना कर दिया।

SI News Today

Leave a Reply