Friday, March 29, 2024
featuredदेश

सलमान खान को कोर्ट से मिली जमानत, शाम तक होंगे रिहा…

SI News Today

काला हिरण मामले में दोषी करार दिए गए अभिनेता सलमान खान को जोधपुर कोर्ट ने जमानत दे दी है। बॉलीवुड अभिनेता को 50 हजार रुपये का बॉन्‍ड भरना होगा, जिसके बाद उन्‍हें रिहा किया जाएगा। अदालत की ओर से आदेश जेल भिजवाए जा रहे हैं। सलमान खान को बिना इजाजत देश न छोड़ने के आदेश दिए गए हैं। अदालत में सलमान के वकील महेश बोरा ने उनकी पैरवी की। बता दें कि जिला एवं सत्र न्यायालय के न्यायाधीश रविंद्र कुमार जोशी के तबादले के बाद सलमान खान की जमानत याचिका पर सस्‍पेंस बन गया था, मगर जोशी ने शनिवार सुबह मामले की फिर से सुनवाई शुरू कर दी।

जोशी ने शुक्रवार को सलमान को जमानत देने पर फैसला सुरक्षित रखा था और अतिरिक्त दस्तावेज मंगाए थे। बाद में उसी रात 87 न्यायायिक अधिकारियों का तबादला कर दिया गया, जिनमें से एक जोशी भी थे। इसे नियमित प्रशासनिक कार्रवाई बताया गया था। हालांकि जोशी का तबादला राजस्थान के ही सिरोही में हुआ है, जानकार सूत्रों ने कहा कि उनसे (जोशी से) कोई निष्कर्ष निकलने तक जमानत याचिका की सुनवाई जारी रखने के लिए कहा गया है।

सलमान को वर्ष 1998 में दो दुर्लभ काले हिरणों के शिकार मामले में गुरुवार को अदालत ने पांच साल कैद की सजा सुनाई थी। उनके अलावा चार अन्य सह आरोपियों को सभी आरोपों से बरी कर दिया। 20 साल से कानूनी लड़ाई लड़ रहे राजस्थान के विश्नोई समाज ने ‘दबंग’ को सलाखों के पीछे पहुंचाकर ही दम लिया। मुख्य न्यायाधीश देव कुमार खत्री ने सजा पढ़ते समय सलमान खान (52) को देश के वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत ‘आदतन अपराधी’ की संज्ञा दी थी।

SI News Today

Leave a Reply