Saturday, April 20, 2024
featured

महेंद्र सिंह धोनी को देखते ही फैन ने बदल लिया रंग!

SI News Today

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सीजन 11 का मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच खेला जा चुका एक मैच क्रिकेट के एक जबरा फैन के कारण भी सुर्खियां बटोर रहा है। सोशल मीडिया पर इस फैन का वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो 8 अप्रैल का है। चेन्नई सुपरकिंग्स के फैन क्लब के द्वारा ट्वीट किए गए इस वीडियो में फैन मुंबई इंडियंस की के रंग में रंगा दिख रहा था। वीडियो में अपनी टीम के लिए फैन का उत्साह देखते ही बनता है, लेकिन मैदान पर जैसे ही विपक्षी टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी दिखते हैं, फैन झट से पीले रंग की सीएसके फैन वाली जर्सी पहन लेता है और जोर-जोर से धोनी… धोनी… चिल्लाकर चियर करने लगता है। इस दौरान फैन की फुर्ती देखने लायक होती है। फैन की इस हरकत को किसी ने वीडियो में कैद कर लिया। इस वीडियो को सीएसके फैन क्लब के ट्वीट करते हुए लिखा- ”जब धोनी बल्लेबाजी करने आते हैं, तब मुंबई इंडियंस के फैन्स ऐसे वानखेड़े को पीला रंग देते हैं। (और हमें कोई शिकायत नहीं है।)”

सोशल मीडिया पर ही दी गई जानकारी में इस फैन का नाम कुनाल सामंत बताया गया है जो कि मुंबई का ही रहने वाला है। इस फैन की जर्सी बदलने से इतर एक और दिलचस्प बात ने इसे मशहूर कर दिया है। वह यह कि अगर आप गौर से देखें तो यह फैन ठाकरे परिवार के चश्मोचिराग आदित्य ठाकरे का हमशक्ल लगता है। इस बात की पुष्टि खुद आदित्य ठाकरे ने की है। आदित्य ठाकरे ने भी इस फैन के वीडियो को ट्वीट कर लिखा- ”मेरी तरह दिखता है? पता नहीं। क्या यह राजनीति में सहज होगा? पक्का!”

पहले मुंबई इंडियंस और फिर धोनी के प्रति दीवानगी दिखाकर मशहूर हुए कुनाल सामंत ने भी आखिर मंगलवार (24 अप्रैल) को ट्वीट कर बताया कि उसने ऐसा क्यों किया? कुनाल का जवाब पढ़कर बाकी फैन्स भी उसकी वाहवाही करने को मजबूर हुए। कुनाल ने टवीट में लिखा- ”मैंने ऐसा धोनी के सम्मान में किया क्योंकि उन्होंने हमें भारतीय क्रिकेट फैन्स होने के नाते बहुत कुछ दिया है! मैं हमेशा मुंबई इंडियंस का समर्थन करूंगा क्यों मैं यहीं से हूं। लेकिन मैं वो सब कभी नहीं भूलूंगा जो धोनी ने हमें दिया है। अगर किसी को मेरे द्वारा किया गया यह व्यवहार पसंद नहीं आया तो मैं क्षमा मांगता हूं।”

SI News Today

Leave a Reply