Thursday, March 28, 2024
featuredदेश

गुजरात विधानसभा स्पीकर: ‘पीएम नरेंद्र मोदी और आंबेडकर ब्राह्मण, भगवान कृष्ण थे OBC’!

SI News Today

गुजरात विधानसभा के स्पीकर राजेंद्र त्रिवेदी ने पीएम नरेंद्र मोदी और संविधान निर्माता कहलाने वाले बी. आर. आंबेडकर को ब्राह्मण बताया है. साथ ही उन्होंने भगवान कृष्ण को ओबीसी बताया. उन्होंने कहा कि ब्राह्मण कभी भी सत्ता का भूखा नहीं होता. वो दूसरों को राजा और भगवान बनाता है. इस दौरान उन्होंने चंद्रगुप्त मौर्य और भगवान राम का उदाहरण दिया. राजेंद्र त्रिवेदी ने ये बातें गांधी नगर में आयोजित मेगा ब्राह्मण बिजनेस समिट में लोगों को संबोधित करते हुई कही. इस समिट में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल भी मौजूद थे.

ब्राह्मणों ने बनाए भगवान
खबर के मुताबिक, ब्राह्मण बिजनेस समिट में राजेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि ‘ब्राह्मणों ने ही भगवान बनाए हैं. भगवान राम एक क्षत्रीय थे, लेकिन ऋषि-मुनियों ने अपने ज्ञान का इस्तेमाल कर उन्हें भगवान बना दिया. उन्होंने आगे भगवान व्यास का भी उदाहरण देते हुए कहा कि, व्यास एक मत्स्यकन्या के बेटे थे. उन्हें भगवान का नाम ब्राह्मणों के कारण ही मिल पाया.’

भगवान कृष्ण के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि, ‘गोकुल का ग्वाला, जिसे हम आज के युग में ओबीसी बुलाते, उन्हें भगवान सान्दीपनि ऋषि ने बनाया था.’ उन्होंने आगे कहा, ‘ब्राह्मण ही थे जिन्होंने संस्कृत के अस्तित्व को बचाए रखा.’

ब्राह्मणों सत्ता का भूखा नहीं
चाणक्य का उदाहरण पेश करते हए गुजरात विधानसभा स्पीकर ने कहा कि ब्राह्मण सत्ता का भूखा नहीं होता. उन्होंने कहा कि ‘विद्वान होने के बावजूद और लोगों को राजा व भगवान तक बना सकने वाले ब्राह्मणों ने कभी भी सत्ता नहीं चाही. वे इसके भूखे नहीं होते. चाणक्य ने चंद्रगुप्त मौर्य को राजा बनाया, जबकि चाहे तो वे खुद राजा बन सकते थे. लेकिन ब्राह्मणों ने कभी राजा बनने का सपना नहीं देखा. वे हमेशा समाज के बारे में सोचते हैं.’ ब्राह्मणों की तारीफ करते हुए राजेंद्र त्रिवेदी ने उन्हें ‘दूध उबलाने के बाद उस पर जमी मलाई’ बताया.

मोदी और आंबेडकर भी ब्राह्मण
अपने संबोधन के अंत में राजेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि ‘मुझे ये कहने में कोई झिझक नहीं है कि डॉ. बी. आर आंबेडकर भी एक ब्राह्मण थे. वे अपने सरनेम आंबेडकर के कारण ही ब्राह्मण थे. उन्हें ये सरनेम उनके गुरु ने दिया था जो खुद ब्राह्मण थे. हर वो शख्स जो ज्ञानी है वो एक ब्राह्मण है. इस आधार पर मैं गर्व के साथ कहता हूं कि पीएम नरेंद्र मोदी भी ब्राह्मण हैं.’

अपने संबोधन में गुजरात विधानसभा के स्पीकर ने देश में ब्राह्मणों के योगदान के बारे में बात करते हुए कहा कि, ‘इस समुदाय ने देश को पांच राष्ट्रपति, सात प्रधानमंत्री, 50 मुख्यमंत्री और 50 से ज्यादा राज्यपाल दिए हैं.’ आगे उन्होंने कहा कि ‘ब्राह्मण महिला अंजलिबेन गुजरात के सीएम विजय रूपाणी की सफलता की अहम वजह हैं.’

बाद में इसी समिट में संबोधन देते हुए सीएम विजय रूपाणी ने भी राजेंद्र त्रिवेदी की बातों का समर्थन किया और कहा कि ‘ऋषि-मुनि ब्राह्मण थे. राजेंद्र भाई ने बिल्कुल सही बात कही है.’

SI News Today

Leave a Reply