Saturday, April 20, 2024
featured

पद्म पुरस्‍कार चाहता था बलात्‍कारी बाबा राम रहीम, पांच बार खुद भेजा प्रस्‍ताव..

SI News Today

बलात्कार के मामले में 20 साल के कारावास की सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को पद्म पुरस्कार देने के लिये 2017 में 4200 से अधिक लोगों ने उसके नाम की सिफारिश की, जबकि स्वयंभू बाबा ने इस सम्मान के लिये पांच बार खुद से अपने नाम का प्रस्ताव दिया। पद्म पुरस्कार 2017 के लिये सिफारिशों या नामित किये जाने वाले लोगों की सूची के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्रालय को 18768 आवेदन मिले। पीटीआई को मिले दस्तावेज के अनुसार सर्वाधिक 4208 सिफारिशें विवादास्पद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख को तीन पद्म पुरस्कारों में से कोई भी प्रदान करने के लिये मिलीं। इनमें से दो सिफारिशें हरियाणा के हिसार से ”सेंटगॉर्ज विलियम सोनेट” और ”इंडिया सेंटगॉर्ज” से भी मिलीं। सभी सिफारिशें ”संत डॉ गुरमीत राम रहीम सिंह जी इंसां” के नाम की थी। उसे ”रॉकस्टार बाबा” और ”गुरु ऑफ ब्लिंग” के नाम से भी जाना जाता है। लगभग सभी सिफारिशें हरियाणा के सिरसा से आई थीं, ष्जहां डेरा सच्चा सौदा का मुख्यालय है।

दो अनुयायियों से बलात्कार के मामले में इसी हफ्ते गुरमीत को 20 साल के कारावास की सजा सुनाई गई थी। उसने खुद पांच बार अपने नाम की सिफारिश की थी। जहां तीन बार उसका पता सिरसा का था, वहीं दो अन्य आवेदनों में एक बार हरियाणा के हिसार का और एक बार राजस्थान के गंगानगर का पता था, जहां उसका जन्म हुआ था। दस्तावेजों के अनुसार, इन पांच सिफारिशों में से एक ”संत डॉ गुरमीत राम रहीम सिंह जी इंसां” के नाम की ”संत डॉ गुरमीत राम रहीम सिंह जी इंसां सेंटजॉर्ज”ने की थी।

देश के महत्वपूर्ण नागरिक सम्मान के लिये डेरा प्रमुख के नाम की सिफारिश करने वालों में से ज्यादातर ने आभा, आदित्य, अकबर अल्फेज, बलजिंदर, मिल्की, गजल, कोमल, जॉनी, जेसी और ईश्वर जैसे एकल नामों का इस्तेमाल किया। सिरसा के रहने वाले अमित नाम के एक शख्स ने 31 बार गुरमीत के नाम की सिफारिश की जबकि सुनील ने 27 बार उसके नाम की सिफारिश की। कुछ सिफारिशें डेरा प्रमुख की जन्मस्थली गंगानगर से भी आईं। पद्म पुरस्कार कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान एवं अभियांत्रिकी, सार्वजनिक मामले, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और असाधारण उपलब्धि के लिये दिये जाते हैं। पद्म पुरस्कारों के लिये कोई भी किसी को भी नामित कर सकता है। पद्म पुरस्कारों—पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री की घोषणा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाती है।

SI News Today

Leave a Reply