Tuesday, April 16, 2024
featured

फिल्म प्रोड्यूसर करीम मोरानी ने किया आत्मसमर्पण…

SI News Today

फिल्म निर्माता करीम मोरानी ने दुष्कर्म मामले में पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इससे पहले सर्वोच्च न्यायालय ने मोरानी की जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उन्हें आत्मसमर्पण करना पड़ा। पुलिस ने शनिवार को बताया कि उन्होंने आधीरात के समय शहर के बाहरी इलाके में स्थित हयातनगर पुलिस थाने में आत्मसमर्पण किया। करीम मोरानी को शनिवार को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। मोरानी पर दिल्ली की एक महिला के साथ दुष्कर्म का आरोप है। अभिनेत्री बनने की चाह रखने वाली इस 25 वर्षीया महिला ने मोरानी पर उनकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने मोरानी पर जनवरी में दुष्कर्म, बंदीकरण, आपराधिक धमकी और धोखाधड़ी के आरोपों के तहत मामला दर्ज किया था। सर्वोच्च न्यायालय ने मोरानी की जमानत खारिज करने के हैदराबाद उच्च न्यायालय के फैसले को चुनौती देती याचिका शुक्रवार को खारिज कर दी थी। उच्च न्यायालय ने पांच सितंबर को मोरानी की जमानत खारिज करने के सत्र न्यायालय के फैसले को बरकरार रखा था। बता दें कि मोरानी राजा हिंदुस्तानी, रा-वन, चेन्नै एक्सप्रेस और दामिनी जैसी फिल्मों के प्रोड्यूसर रहे हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने दिल्ली की रहने वाली एक महिला का मुंबई और हैदराबाद में कई अलग-अलग मौकों पर रेप किया है। बिजनेस मैनेजमेंट से ग्रेजुएट एक महिला ने मोरानी पर कई संगीन आरोप लगाए हैं।

पीड़ित महिला फिल्मों में काम करने की चाह रखती थी और उसने कहा है कि मोरानी ने उससे शादी का झूठा वादा किया था। मोरानी पर 417 (धोखाधड़ी), 376 (रेप), 342, 506 (आपराधिक धमकी), 493 और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

SI News Today

Leave a Reply