किसी बच्चे का पिता या मां होना जीवन का सबसे बड़ा सुख है। घर में अगर कोई बच्चा हो और आप दिनभर काम करके घर लौंटते हैं तो बच्चे की एक हंसी ही आपकी थकान को दूर करने में सक्षम होती है। दुनियाभर के जितने भी खिलाड़ी हैं वे भी एक आम इंसान हैं, उनका भी परिवार है, बच्चे हैं। खिलाड़ी अपने परिवार का ध्यान भी रखते हैं और उनकी रक्षा भी करते हैं। इन खिलाड़ियों के जीवन में भी हर प्रकार की घटानएं घटती हैं कुछ अच्छी तो कुछ बुरी। अच्छी यादों को हर कोई सम्भालकर रखता है और जीवनभर उसका आनंद लेता है। ऐसी ही एक घटना भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन के साथ घटी है।
अपने ट्विटर हैंडल पर शिखर ने अपने बेटे जोरावर का एक वीडियो शेयर किया है जिससे पता चलता है कि अगर बच्चों को अपने माता-पिता की काफी दिनों बाद भी एक झलक दिख जाए तो वे कितने खुश होते हैं। इस वीडियो को शेयर करते समय शिखर अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए और उन्होंने जाहिर किया की वे एक पिता होने के नाते कितने खुश हैं। यह वीडियो बुधवार का है जब भारतीय टीम पुणे में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान पर उतरी थी। भारत का राष्ट्रगान बज रहा था और यह सब जोरावर टीवी पर देख रहा था। एक के बाद एक खिलाड़ी से होते हुए कैमरा जैसे ही शिखर धवन पर आया तो जोरावर बहुत जोर से चिल्लाते हुए कहने लगा मेरे पापा, मेरे पापा।
इसके बाद जोरावर ने पूछा कि क्या यह पापा हैं तो कमरे में मौजूद एक महिला ने कहा हां यह पापा हैं। इस वीडियो को पोस्ट करते हुए शिखर धवन ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा जिस तरीके से जोरावर मुझे ढूंढ रहा है दिल भर आया इस वीडियो को देखकर, मेरी दुआएं और प्यार हमेशा मेरे बच्चों के साथ हैं, बहुत सारा प्यार।